द फॉलोअप डेस्कः
पलामू जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मामला हैदरनगर थाना क्षेत्र के भाई बिगहा गांव का है। जहां खुशबू प्रवीण का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने बताया कि खुशबू ने वर्ष 2012 में इरफान खान से लव मैरिज किया था। इरफान के परिवार वाले इस शादी के खिलाफ थे। पंचायत के हस्तक्षेप के बाद यह विवाह संपन्न हुआ। इरफान वर्तमान में सऊदी अरब में कार्यरत हैं। मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले खुशबू को प्रताड़ित करते थे। उन्होंने बेरहमी से पीट-पीटकर और गला घोंटकर उसकी हत्या की। फिर मामले को आत्महत्या का रूप दिया। खुशबू की मौत की सूचना देने के बाद ससुराल वाले उसके तीनों बच्चों को लेकर फरार हो गए। थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी।
