logo

सिमडेगा : DC कंचन सिंह ने झमाझम बारिश में किया करंगागुड़ी धाम का निरीक्षण, पर्यटन विकास योजनाओं की समीक्षा

kanchal_singh.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झमाझम बारिश के बीच सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह ने बुधवार को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। यह भ्रमण हाल ही में आयोजित पर्यटन संवर्धन समिति की बैठक में प्रस्तुत योजनाओं की व्यवहारिकता को परखने के उद्देश्य से किया गया। उपायुक्त ने करंगागुड़ी धाम, वनदुर्गा मंदिर एवं दनगद्दी पर्यटन स्थल का भ्रमण कर विकास योजनाओं की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

करंगागुड़ी धाम में सुरक्षा और सुविधाओं पर ज़ोर
उपायुक्त ने प्रथम भ्रमण के तहत करंगागुड़ी स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की स्थापना, शेड की मरम्मत, हाईमास्ट लाइट लगाने और अन्य जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। विवाह मंडप के संचालन हेतु खेल एवं पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित भवन को स्थानीय समिति को सौंपने की बात भी कही गई, जिससे क्षेत्रीय लोगों को सीधा लाभ मिल सके।
वनदुर्गा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान
दूसरे चरण में उपायुक्त वनदुर्गा मंदिर पहुंचीं, जहां पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मंदिर परिसर के विकास से जुड़ी आवश्यकताओं पर चर्चा की। बैठक में चारदीवारी निर्माण, बोरिंग, शेड और सौंदर्यीकरण जैसे बिंदुओं पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्रवाई हेतु खेल पदाधिकारी को निर्देशित किया। समिति द्वारा बताया गया कि इस मंदिर में झारखंड, ओड़िशा और छत्तीसगढ़ से प्रतिदिन श्रद्धालु आते हैं, और चैती पूजा एवं नवरात्रि में एक लाख से अधिक लोग यहां दर्शन हेतु पहुँचते हैं।
दनगद्दी पर्यटन स्थल की प्राकृतिक छटा ने मोहा मन
तीसरे भ्रमण के अंतर्गत उपायुक्त ने दनगद्दी पर्यटन स्थल का दौरा किया, जहां की प्राकृतिक सुंदरता ने उन्हें प्रभावित किया। बारिश के बीच उन्होंने नदी की लहरों का आनंद लिया और मोबाइल कैमरे से मनोहारी दृश्य कैद किए। उन्होंने निर्देश दिए कि पर्यटन स्थल की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और पर्यटकों की सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए "पर्यटन मित्र समिति" के माध्यम से साफ-सफाई और पर्यटकों से नाममात्र शुल्क लेने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई। प्लास्टिक व थर्माकोल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, पुलिस पिकेट की स्थापना और नदी के दूसरे छोर तक संपर्क सुनिश्चित करने के लिए विशेष योजना तैयार करने का निर्देश भी दिया गया।
प्रखंड कार्यालय का भी किया निरीक्षण
अपने भ्रमण के अंत में उपायुक्त कंचन सिंह ने बोलबा प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने सरकार की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। प्रखंड परिसर में स्थित एक पुराने भवन को ध्वस्त करने का निर्देश भी उन्होंने मौके पर ही दे दिया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र, खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, केरसई एवं बोलबा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारीगण, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल अमृत मिंज सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।


 

Tags - Simdega news Simdega Updates latest Simdega News Latest Simdega News Latest Simdega news