रांची:
रांची उपायुक्त छवि रंजन ने दिव्यांग जनों का यूनिक दिव्यांगता आईडी कार्ड यूडी आईडी बनाने निर्देश दिया है। यह निर्देश गुरुवार को आयोजित वर्चुअल बैठक में दिया गया। डीसी ने 6-18 वर्ष के दिव्यांग बच्चे जो स्कूल में पढ़ते हैं उनके दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने की भी समीक्षा की।बैठक के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि 6449 बच्चों को चिन्हित किया गया है। जिनमें 1379 बच्चों का प्रमाण पत्र बन चुका है जबकि 5070 बच्चों का बनाना बाकी है। उपायुक्त ने स्कूलों में कलस्टर बनाते हुए मैपिंग करने का निर्देश दिया।

आवेदन पत्र एकत्र करें पदाधिकारी
डीसी छवि रंजन ने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक मैपिंग कर प्रतिवेदन जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को दें ताकि कलस्टर बनाते हुए मेडिकल बोर्ड को भेजा जा सके। साथ ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए जहां कहीं भी मेडिकल बोर्ड या फिर कैंप लगे उसके लिए आवेदन पत्र एकत्र कर लें। साथ ही स्वावलंबन पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित कर लें ताकि मेडिकल बोर्ड एग्जामिन कर तुरंत दिव्यांगता प्रमाण पत्र निर्गत कर सके।

योजना का लाभ मिले बच्चों को
उपायुक्त छवि रंजन ने सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शत्रुंजय कुमार को निर्देश दिया कि जिन बच्चों को चिन्हित किया गया है, उनके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को स्वामी विवेकानंद निशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना से संबंधित आवेदन प्रपत्र एवं अन्य जानकारी दी जाए ताकि दिव्यांग बच्चों को योजना का लाभ मिल सके। इस योजना अंतर्गत 5 वर्ष से ऊपर के बच्चे जिनकी दिव्यांगता 40% से ज्यादा है उन्हें लाभ दिया जाता है।