द फॉलोअप, रांची
सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड, रांची का आज मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में आम सभा का आयोजन किया गया। आमसभा की वर्ष 2025-26 की इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता डीसी सह संघ के अध्यक्ष मंजूनाथ भजन्त्री ने की। इसमें संघ की आगामी योजनाओं, किसानों एवं वनोपज संग्राहकों के हितों से जुड़े मुद्दों तथा सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की गयी। बैठक में मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले में बेहतर कार्य करने वाले MPCS (मल्टी परपज को-ऑपरेटिव सोसाइटी) लैंप्स के प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिनिधियों को सम्मानित करने से अन्य संस्थाओं को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
.jpeg)
अपने संबोधन में उपायुक्त ने वर्ष 2025-26 के लिए संघ के लक्ष्यों, उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कृषि एवं वनोपज उत्पादकों को अधिक लाभ दिलाने, सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने तथा किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही सहकारी संस्थाओं में डिजिटलीकरण, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने उपस्थित सदस्यों और पदाधिकारियों से अपील की कि योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जुड़ना सुनिश्चित किया जाए और कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।

इसके अलावा जिले में चल रहे नशा मुक्ति एवं नशा जागरूकता अभियान पर भी विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी सहकारी संघों के सदस्यों और पदाधिकारियों से नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा, “नशा न केवल व्यक्ति को, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है। हमें मिलकर नशे के खिलाफ एक मजबूत दीवार खड़ी करनी होगी।” उन्होंने लोगों से अवैध अफीम की खेती की सूचना प्रशासन को देने की भी अपील की और कहा कि ऐसे मामलों में जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। बैठक में वर्ष 2025-26 के बजट, वार्षिक योजनाओं, किसानों एवं वनोपज संग्राहकों को बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने की रणनीति और सहकारी संस्थाओं के सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त संजय भगत, डीएफओ श्रीकांत वर्मा, जिला सहकारिता पदाधिकारी रविंद्र दास, जिला कृषि पदाधिकारी रामशंकर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, संघ के पदाधिकारी और MPCS प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
.jpg)