बोकारो:
Bokaro News: सोशल मीडिया के दौर में खबरों की तेजी के बीच उनकी विश्वसनीयता बनाए रखना पत्रकारिता की सबसे बड़ी चुनौती बनती जा रही है। बिना सत्यापन सूचनाएं प्रसारित करने और फेक न्यूज के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। पत्रकारिता का उद्देश्य किसी पर फैसला सुनाना नहीं, बल्कि तथ्यों को निष्पक्ष तरीके से समाज के सामने रखना है। यह बातें बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित परिचर्चा में कहीं। राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2026 पखवाड़ा के तहत चास स्थित होटल क्लार्क्स इन में ‘जिम्मेदार पत्रकारिता बनाम लोकलुभावन पत्रकारिता’ विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार समेत जिले के वरिष्ठ पत्रकार शामिल हुए। परिचर्चा में पत्रकारिता की निष्पक्षता, विश्वसनीयता, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, फेक न्यूज और बदलते मीडिया परिदृश्य में पत्रकारों की भूमिका पर चर्चा हुई।
खबरों के सत्यापन और निष्पक्षता पर डीसी ने दिया जोर
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी सूचना को प्रसारित कर देना ही पत्रकारिता नहीं है। पत्रकारिता की बुनियाद तथ्यपरकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर टिकी होती है। पत्रकार का दायित्व किसी घटना पर अपना निर्णय सुनाना नहीं, बल्कि वास्तविक तथ्यों को समाज के सामने रखना है।उन्होंने कहा कि प्रशासन की कमियों को उजागर करना व्यवस्था में सुधार का अवसर है। प्रशासन और मीडिया का साझा उद्देश्य आम आदमी का हित है। दोनों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय से जनता की समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
संवेदनशील खबरों के प्रसारण में सावधानी जरूरी: एसपी
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि पत्रकारिता में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जुड़ी है। सांप्रदायिक तनाव, नाबालिगों, पीड़ितों और अन्य संवेदनशील मामलों से संबंधित खबरों के प्रसारण में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसी खबरों में छोटी-सी चूक भी समाज में गलत संदेश दे सकती है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। भ्रामक सूचनाओं और अपुष्ट खबरों से बचने के लिए पत्रकारों को संयम के साथ आत्मनियमन का पालन करना चाहिए।
मीडिया प्रशासन की आंख और कान: डीडीसी
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने मीडिया को प्रशासन की आंख और कान बताया। उन्होंने कहा कि जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कई बार ऐसी समस्याएं मीडिया के माध्यम से सामने आती हैं, जिनकी जानकारी प्रशासन तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने से जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलती है।
जनहित और विश्वसनीयता से समझौता नहीं करने की अपील
परिचर्चा में शामिल वरिष्ठ पत्रकारों ने भी बदलते मीडिया परिदृश्य पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि खबरों की प्रतिस्पर्धा में विश्वसनीयता और जनहित से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। किसी भी सूचना को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके स्रोत और तथ्यों की पुष्टि जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में प्रशासनिक अधिकारियों और पत्रकारों ने जिम्मेदार, निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता को मजबूत बनाने पर जोर दिया। परिचर्चा में यह बात सामने आई कि डिजिटल दौर में खबरों की पहुंच भले ही तेज हुई है, लेकिन पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सत्यापन, संतुलन और सामाजिक जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक जरूरी हैं।