logo

रांची में ‘डार्क वेब ड्रग्स नेटवर्क’ का भंडाफोड़, नीदरलैंड से मंगाई गई LSD बरामद; 2 अरेस्ट 

cyber_crime3.jpg

रांची
राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जांच के दौरान नीदरलैंड से मंगाई गई एलएसडी ड्रग्स की खेप बरामद की गई। इस मामले में दो छात्रों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुमार अभिषेक और अविनाश कुमार मिश्रा के रूप में हुई है। कुमार अभिषेक बीटेक का छात्र है, जबकि अविनाश बीकॉम का विद्यार्थी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, दोनों राजधानी के संपन्न परिवारों से जुड़े हैं और शौकिया तौर पर इस नेटवर्क से जुड़े थे।


जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने डार्क वेब और क्रिप्टो करेंसी का इस्तेमाल कर ड्रग्स की खरीदारी की थी, ताकि लेन-देन और अपनी पहचान को गुप्त रखा जा सके। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा राजधानी में यह खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस अधिकारियों ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर से जुड़े नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क का हिस्सा बताया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

Tags - Crypto Anonymous Network Trafficking Investigation