जमशेदपुर
जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के डिमना लेक एरिया में आजसू के ग्राम प्रभारी सम्मेलन में बीजेपी प्रत्याशी विद्युत वरण महतो ने नारा देते हुए कहा, देश में 400 पार, झारखंड में भी 64 पार, उखाड़ फेंकें करप्ट सरकार। विद्युत वरण महतो ने आगे कहा, पिछले 10 साल में आजसू के सहयोग से 2 बार मुझे सांसदी जीतने का मौका मिला। हमें एकत्रित होकर 14 सीट जीतनी होगी। कहा, कोई ऐसा जिला नहीं, जहां हमने साथ में झारखंड अलग राज्य के लिए संघर्ष नहीं किया होगा।

विकास का रोडमैप तैयार
महतो ने आगे कहा, राज्य में जल, जंगल और जमीन की लूट मची है। माइंस बंद हैं। लोगों का पलायन हो रहा है। लोग रोजगार से वंचित हैं। लोग दूसरे प्रदेशों में पलायन करते हैं जबकि हमारे पास खनिज का अकूत भंडार है। सोना है, लोहा है, कोयला है, यूरेनियम है। लेकिन 24 साल बाद भी झारखंड की स्थिति खराब है। मोदी के सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के नारा से ही राज्य का भला होगा। पीएम ने देश के अंतिम व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का रोडमैप तैयार किया है। राज्य में भी बीजेपी की सरकार होगी तो विकास को गति मिलेगी।

सबसे अधिक सवाल पूछने वाले सांसद
महतो ने आगे कहा, संसद में मैं तीसरा सबसे ज्यादा सवाल पूछने वाला सांसद हूं। मैं हमेशा लोगों के लिए मौजूद रहता हूं। आजसू के कार्यकर्ता स्वाभिमानी हैं। पीएम और गृह मंत्री भी सुदेश महतो से विचार विमर्श करते हैं। कहा, मोदी ने इस बार 400 पार का नारा दिया है। मैं इसी के साथ ये भी कहता हूं, झारखंड में 64 पार। मैं कभी किसी को झुकने नहीं दूंगा। कहा, एनडीए के साथी मिलकर आगे बढ़ेंगे। राज्य की करप्ट सरकार को उखाड़ फेकेंगे।

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -