द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर शहर में छिनतई की घटना ने फिर से एक बार रफ्तार पकड़ ली है। पिछले तीन दिनों में शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छिनतई की घटना घटी है। ताजा मामला चौंकाने वाला है। दरअसल, शहर के सबसे सेफ जोन माने जाने वाले साकची थाना अंतर्गत जिला मुख्यालय रोड स्थित एसएसपी ऑफिस गेट से महज 50 मीटर की दूरी पर एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने छिनतई की है। घटना रविवार रात करीब 8 बजे सोनारी के बालीचेला स्कूल के पीछे रहने वाले टिस्कोकर्मी कमलदेव सिंह उर्फ पप्पू की पल्नी राधिका सिंह के साथ घटी हैं। उनसे बाइक सवार बदमाशों ने बैग की छिनतईं कर ली। जिसके बाद बदमाश बाइक की रफ्तार तेज कर जुबिली पार्क की ओर भाग निकले। घटना के वक्त कमलदेव सिंह अपनी पत्नी के साथ मानगो स्थित ससुराल से अपने घर लौट रहे थे।
इधर, घटना के बाद उन्होंने कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया। इस संबंध में कमलदेव सिंह ने साकची थाना में लिखित शिकायत भी की है। जिसमें कमलदेव सिंह से बताया है कि वे स्कूटी से पत्नी के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदमाश ने उनकी पत्नी से बैग छीन लिया, बैग में 40 हजार रुपये के अलावा गहना और मोबाइल था। इस दौरान बदमाश करीब दो लाख रुपये के सामान ले भागे है। दूसरी ओर पुलिस के अनुसार बदमाशों का पता लगाया जा रहा है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल की जांच की व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी खंगाला गया। सीसीटीवी फुटेज में बदमाश की तस्वीर भी मिली है। हालांकि, तस्वीर साफ नहीं है।
बताते चले कि जमशेदपुर में सक्रिय छिनतई गिरोह के सदस्यों के द्वारा लगातार महिलाओं को अपना निशाना बनाया जा रहा हैं। पिछले तीन दिनों में शहर के अलग अलग तीन स्थानों पर महिलाओं से छिनतई की घटनाएं हो चुकी है। शुक्रवार सुबह टेल्को लुपिटा चर्च के पास खड़गाझार निवासी पूर्व सैनिक योगेश्वर नंद सिंह की पत्नी श्वेता सिंह से कार सवार युवकों ने चेन की छिनतई की थी। शनिवार को टाटा स्टील के सुरक्षा अधिकारी सुजीत झा की पत्नी संजना झा से सिदगोड़ा में बाइक सवार बदमाशों ने चेन छिनतई की घटना को अंजाम दिया था। वहीं, 12 मई को सोनारी नके न्यू ग्वाला बस्ती में बाइक सवार दो युवकों ने कामेश्वर यादव की पत्नी से चेन छिनतई की थी।