जामताड़ा
जामताड़ा जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ पुलिस, ईसीएल (ECL) सुरक्षा बल और सीआईएसएफ (CISF) ने संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। नाला और बिंदापाथर थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान करीब 18 टन अवैध कोयला, 14 साइकिल और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। हालांकि, कारवाई की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए, लेकिन प्रशासन की सख्ती से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मैच गया है।
नाला थाना क्षेत्र में 12 टन कोयला और 11 साइकिलें बरामद
नाला थाना क्षेत्र के कास्ता पलास्थली स्थित ईसीएल की बंद पड़ी खदानों के पास सुरक्षा बलों ने दबिश दी। ईसीएल पांडेश्वर एरिया के सिक्योरिटी इंचार्ज सोनू साहू, सीआईएसएफ के एसआई विकास यादव और नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई। जांच के दौरान टीम ने कुआंनुमा अवैध खदानों के समीप डंप किया गया लगभग 12 टन कच्चा कोयला बरामद किया। तस्कर इस कोयले को बाहर भेजने की फिराक में थे। मौके से 11 साइकिलें और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी भागने में सफल रहे। नाला थाना में कांड संख्या 23/26 के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बिंदापाथर थाना क्षेत्र के सोरेनपाड़ा में अवैध कारोबार पर नकेल
उधर, बिंदापाथर थाना क्षेत्र के सोरेनपाड़ा में भी पुलिस और सीआईएसएफ ने साझा अभियान चलाकर करीब 6 टन अवैध कोयला जब्त किया। यहां कोयला ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही तीन साइकिलें भी पकड़ी गई हैं। थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। जब्त कोयले को ईसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया है और फरार कारोबारियों की पहचान की जा रही है। कुल बरामदगी लगभग 18 टन अवैध कोयला, 14 साइकिलें और 1 मोटरसाइकिल। कार्यवाही स्थल: कास्ता पलास्थली (नाला) और सोरेनपाड़ा (बिंदापाथर)। थाना प्रभारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध कोयला माफिया का नेटवर्क इतना सक्रिय है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे फरार हो जाते हैं, लेकिन प्रशासन की इस कड़ाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।