रांचीः
भाकपा माओवादियों ने झारखंड बंद की घोषणा की है। 22 जनवरी को बंद का ऐलान किया गया है। 15 लाख के इनामी नक्सली कृष्णा हांसदा की गिरफ्तारी के खिलाफ इस बंद का ऐलान किया गया है। रीजनल कमेटी के प्रवक्ता आजाद ने प्रेस बयान जारी कर कहा है कि 13 जनवरी को कृष्णा हांदसा व एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। संगठन की गोपनीय जानकारी लेने के लिए इन्हें काफी परेशान किया जा रहा है। पुलिस के इस कृत्य के खिलाफ 22 जनवरी को झारखंड बंद की घोषणा की गई है। यह भी कहा गया है कि बंद से अस्पताल, एंबुलेंस, दूध, पानी, अखबार, मेडिकल को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है
बंद की घोषणा के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस इलाके पर नजर रखे हुए हैं और संगठन से जुड़ी सभी जानकारी को इकट्ठा कर रही है। पुलिस की नजर कुख्यात नक्सली सेंटर कमेटी मेंबर अजय महतो पर है। बता दें कि पुलिस ने गिरफ्तार किए गए नक्सली कृष्णा को जेल भेज दिया है। मंगल को मंगलवार को उसे मीडिया के सामने लाया गया था। कृष्णा की निशानदेही पर पारसनाथ की तराई व पर्वत पर छापेमारी कर पुलिस ने नक्सलियों का कैंप ध्वस्त किया था। कई सामान भी बरामद किए गए थे। जेल जाने से पहले कृष्णा ने भाकपा माओवादी सेंट्रल कमिटी मेंबर विवेक के संदर्भ में भी कई जानकारी दी है। पुलिस के सूत्र बताते हैं कि कृष्णा ने जो जानकारी दी है उस आधार पर इलाके में सर्च अभियान किया जा रहा है।
