logo

झारखंड में मौसम का कहर, बारिश-वज्रपात से पांच मौतें; कई जिलों में अलर्ट

weather16.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:
झारखंड के कई जिलों में आसमानी कहर देखने को मिला है। वज्रपात से अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हुई है। इनमें हजारीबाग के दो, जबकि गुमला, खूंटी और गिरिडीह के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। आसमान में छाए घने बादलों और मानसूनी हवाओं के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीते 24 घंटे में गुरुवार को राज्य में सबसे ज्यादा बारिश मेदिनीनगर में दर्ज की गई, जहां 49 मिमी वर्षा हुई। रांची में 35 मिमी और जमशेदपुर में 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी। लगातार बारिश के बीच वज्रपात भी जानलेवा साबित हुआ।

चार जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र ने 28 अगस्त को चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह के लिए भारी बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने और दिन में मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

29 अगस्त को इन जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त को गिरिडीह, देवघर, दुमका, हजारीबाग, जामताड़ा और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय खुले स्थानों से बचने की अपील की है।

Tags - Jharkhand WeatherHeavy RainfallLightning AlertMonsoon UpdateWeather Forecast