logo

पानी की समस्या से निपटने के लिए 204 नए बोरिंग कराएगा निगम, 80 स्थानों पर हो रही है टैंकर से जलापूर्ति

1449.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची नगर निगम क्षेत्र में गर्मी पड़ते ही पानी की समस्या भी नजर आने लगी। कई क्षेत्रों में पानी सप्लाई नहीं होने के कारण निगम टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति कर रहा है। इसको देखते हुए निगम के सभी वार्ड में तीन-तीन व कुल 204 नए बोरिंग होगी। यह जानकारी मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने दी। दरअसल बुधवार को उन्होंने रांची नगर निगम के स्वास्थ्य व जलापूर्ति शाखा की समीक्षा की। जिसमें वार्ड स्तर पर पेयजल संकट की स्थिति व नगर निगम की ओर से की गई व्यवस्था की जानकारी ली। मेयर ने बताया कि गर्मी के मौसम में जलसंकट की स्थिति से निपटने के लिए एक करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध है। निगम क्षेत्र में 2507 चापानल चालू स्थिति में हैं। खराब चापानलों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी प्रकार, निगम क्षेत्र में 174 HYDT व 1374 MINI HYDT हैं। कुछ चापानल ऐसे हैं, जिसका उपयोग नहीं किया जा रहा है। इन चापानलों में मोटर लगाकर सिंटेक्स की टंकी स्थापित पर उपयोग में लाया जा सकता है।

80 क्षेत्रों में हो रही टैंकर से जलापूर्ति
रांची नगर निगम क्षेत्र में 80 जगहों पर टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। मेयर ने बताया कि निगम क्षेत्र में खासकर ड्राई ज़ोन क्षेत्र में आम लोगों को नियमित रूप से टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। इसके अलावा, मेयर, डिप्टी मेयर, सांसद, विधायक, नगर आयुक्त व पार्षदों की अनुशंसा पर भी टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। आम लोगों के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है। निर्धारित राशि का भुगतान कर आप ऑनलाइन टैंकर से पानी की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। वर्तमान में रांची नगर निगम के पास 06 KL के चार, 05 KL के एक, 04 KL के 30 व 02 KL के चार टैंकर उपलब्ध हैं।

चापानल-एचवाईडीटी की मरम्मत के लिए है 8 टीम
मेयर ने बताया कि निगम क्षेत्र में कुल 69078 वैध वाटर कनेक्शन हैं। संबंधित उपभोक्ताओं से रांची नगर निगम को वाटर यूजर चार्ज प्राप्त हो रहा है। नगर निगम क्षेत्र में पाइपलाइन समेत खराब चापानल, HYDT व मिनी HYDT की मरम्मत के लिए कुल आठ टीम हैं। एक टीम में आठ सदस्य शामिल हैं। मेयर ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रांची नगर निगम जलसंकट की समस्या से निपटने के लिए तैयार है। इस बैठक में अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पहान, उत्क्रमित अधीक्षण अभियंता  प्रसून कुमार मुर्मू, नगर प्रबंधक स्नेहाश्री, ओंकार पांडे प्रभारी स्वास्थ्य शाखा समेत जलापूर्ति शाखा कनीय अभियंता उपस्थित रहे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT