द फॉलोअप डेस्क
प्रेमी अपनी प्रेमिका को गोलगप्पा खिलाना चाहता था लेकिन उसमें जहर था। प्रेमिका को जब इसकी भनक लगती तो उसने रातभर जंगल मे छुपकर अपनी जान बचाई। प्रेमिका गर्भवती है। शादी का झांसा देकर प्रेमी ने उसके साथ संबंध बनाया। इस प्रेमी जोड़े का पहले से भी एक बच्चा है। गांव समाज के लोगों ने दोनों को अलग कर दिया था। लेकिन फिर ये संपर्क में आ गये। पीड़िता के अनुसार, 21 फरवरी 2026 की दोपहर करीब दो बजे आरोपी ने फोन कर उसे कुछ खिलाने की बात कही। युवती ने गोलगप्पा खाने की इच्छा जताई। आरोप है कि गोलगप्पा खाने के बाद उसे उल्टी होने लगी और मुंह से खून आने लगा। शाम करीब चार बजे आरोपी ने दोबारा फोन कर डॉक्टर के पास ले जाने की बात कही। लेकिन डॉक्टर के पास ले जाने के बजाय वह मोटरसाइकिल से उसे बैरिया जंगल की ओर ले गया। जंगल में करीब 100 मीटर अंदर ले जाकर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या की कोशिश की। मारपीट में युवती की आंख के पास गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गई। जैसे ही थोड़ा संभली वह जंगल में छिप गई। पूरी रात उसने जंगल में छिपकर अपनी जान बचाई।

अगली सुबह वह किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। मामला गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र का है। जहां प्रेमी ने प्रेमिका को गोलगप्पे मे जहर मिलाकर मारने की खौफनाक साजिश रची थी। झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में आठ माह की गर्भवती युवती की हत्या का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी प्रेमी को किया गिरफ्तार। गौरतलब है की 6 वर्ष पूर्व से प्रेमी शाकेत केशरी और प्रेमिका के बीच प्यार मोहब्बत था। दोनों के संबंध से एक वर्ष पूर्व एक बच्चा भी हुआ था। बाद में गांव-समाज के हस्तक्षेप के बाद दोनों को अलग कर दिया गया और मिलने-जुलने पर रोक लगा दी गई।

आरोप है कि कुछ महीनों बाद आरोपी ने दोबारा युवती से संपर्क किया और शादी का भरोसा देकर संबंध बनाता रहा। इससे युवती दोबारा गर्भवती हो गई। वर्तमान में वह आठ माह की गर्भवती बताई जा रही है। पीड़िता के आवेदन पर रमकंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साकेत केशरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।