द फॉलोअप डेस्क
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत दक्षिणी छोटा नागपुर प्रमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक स्टेट गेस्ट हाउस, मोराबादी में आयोजित हुई। इस बैठक में जिला अध्यक्ष, जिला पर्यवेक्षक, ग्राम पंचायत कमेटी पर्यवेक्षक और अर्बन लोकल बॉडी (ULB) पर्यवेक्षक शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश प्रभारी के. राजू ने ग्राम पंचायत कमेटी और अर्बन लोकल बॉडी को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आगामी नगर निगम चुनावों को देखते हुए पार्टी की प्राथमिकता इन दोनों क्षेत्रों को मजबूत बनाना है। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि कनेक्ट सेंटर को सभी आवश्यक प्रतियां और सूचनाएँ भेजी जाएँ।
के. राजू ने बताया कि अक्टूबर माह तक ग्राम पंचायतों में झंडा लगाने, कनेक्ट सेंटर को सूचना देने और प्रमाणपत्र वितरण का काम पूरा कर लिया जाना चाहिए। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में महिलाओं और अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। बैठक में यह भी तय किया गया कि बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की नियुक्ति और उनका प्रशिक्षण कार्य 31 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा हो जाना चाहिए। इसके साथ ही, प्रत्येक जिला अध्यक्ष को बीएलए-2 की भी नियुक्ति करनी होगी। नवंबर में सभी जिलों में प्रखंड स्तर पर ग्राम पंचायत कमेटी और वार्ड अध्यक्षों के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश प्रभारी ने बताया कि नवंबर में चुनाव आयोग झारखंड में SIR (Special Integrated Revision) प्रक्रिया शुरू करेगा। कांग्रेस पार्टी सभी जिला मुख्यालयों में 2003 की मतदाता सूची उपलब्ध कराएगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी मतदाता का नाम न कटे। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि पूरे संगठन से चलती है। इसलिए हर स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका अनिवार्य है।” बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अर्बन लोकल बॉडी का काम अक्टूबर तक पूरा कर लिया जाए ताकि आने वाले चुनावों में पार्टी प्रभावशाली भूमिका निभा सके।
इस बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, सांसद सुखदेव भगत, शहजादा अनवर, सुबोध कांत सहाय, बादल पत्रलेख, के.एन. त्रिपाठी, विधायक भूषण बाड़ा, सूर्यकांत शुक्ला, अमूल नीरज खलखो, सुनीत शर्मा, कुमार राजा, राकेश किरण महतो, केदार पासवान, सुखेर भगत, चैतू उरांव, रमा खलखो, राजेश गुप्ता छोटू और रवि मिश्रा सहित कई अन्य नेता मौजूद थे।