रांची
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी 24 मई को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में “शिकायत एवं निवारण कार्य दिवस” आयोजित करने का निर्णय लिया है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि यह पहल संगठन को अधिक मजबूत, जवाबदेह और कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदनशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत जिला और प्रदेश स्तर पर कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं कांग्रेसजन अपनी व्यक्तिगत और संगठनात्मक शिकायतें लिखित रूप में दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों को जिला कांग्रेस कार्यालयों से प्रदेश कार्यालय भेजा जाएगा, जहां उनके समाधान के लिए समन्वित कार्रवाई की जाएगी।

पार्टी ने सभी जिला अध्यक्षों और प्रभारियों को निर्देश
कांग्रेस ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता होते हैं। इसी सोच के तहत जिला कांग्रेस कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शिकायतें ली जाएंगी। पार्टी ने सभी जिला अध्यक्षों और प्रभारियों को निर्देश दिया है कि कार्यक्रम की जानकारी अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई जाए, ताकि हर कार्यकर्ता अपनी बात संगठन के सामने रख सके।
शिकायत एवं निवारण कार्य दिवस” से संगठन और होगा मजबूत
राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस संगठनात्मक अनुशासन, आपसी संवाद और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में तानाशाही नहीं चलती, बल्कि यहां कार्यकर्ताओं की आवाज सुनी जाती है और उनके सम्मान की रक्षा की जाती है। उन्होंने भरोसा जताया कि “शिकायत एवं निवारण कार्य दिवस” से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा कार्यकर्ताओं का मनोबल और विश्वास बढ़ेगा।