रांची : प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और पार्टी विधायक दल के नेता डॉ रामेश्वर उरांव ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संयुक्त मीडिया संवाद कर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
इस दौरान एक पत्रकार के सवाल पर केशव महतो कमलेश भड़क गए और कहा कि हमसे ज्यादा तिकड़म वाले सवाल न पूछें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस बड़ी पार्टी है और यहां कोई मतभेद नहीं है। इधर, विवाद बढ़ता देख पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचु ने विवाद शांत कराया। वहीं, लोहरदगा से कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत के वित्त मंत्री के मंत्री प्रतिनिधि बनाये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिनके घर शीशे के हों वो दूसरों के घरों में पत्थर नहीं फेंका करते।
उन्होंने कहा कि सांसद सुखदेव भगत पहले बोल देते हैं और फिर सोचते हैं कि उन्होंने क्या बोल दिया। अभी वह अपनी कही बातों पर सोच रहे होंगे।