रांची
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता योगेंद्र साव को पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अनुशासन समिति के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव द्वारा जारी नोटिस में साव से तीन दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण देने तथा स्वयं उपस्थित होकर यह बताने को कहा गया है कि पार्टी संविधान के प्रावधानों के तहत उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की जाए। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने जानकारी देते हुए कहा कि नोटिस में कहा गया है कि पूर्व में भी पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के कारण योगेंद्र साव को पार्टी से निष्कासित किया गया था। बाद में पार्टी नेतृत्व ने उनके लंबे संगठनात्मक योगदान को ध्यान में रखते हुए निष्कासन का निर्णय निरस्त किया था। लेकिन हाल में मीडिया के माध्यम से उनके द्वारा दिए गए आपत्तिजनक बयान को पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है।
.jpeg)
आचरण पार्टी सिद्धांतों के विपरीत
नोटिस के अनुसार, उनका आचरण पार्टी सिद्धांतों के विपरीत होने के साथ-साथ पार्टी नेतृत्व द्वारा दिए गए निर्देशों की अवहेलना भी माना गया है। अनुशासन समिति ने स्पष्ट किया है कि बार-बार इस प्रकार का अनुशासनहीन आचरण यह संकेत देता है कि पार्टी अनुशासन के विरुद्ध गतिविधियां दोहराई जा रही हैं और इससे संगठन की छवि को लगातार नुकसान पहुंच रहा है। इसलिए साव से जवाब मांगा गया है कि उनके विरुद्ध पार्टी संविधान के प्रावधानों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo