जमशेदपुर
नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को जमशेदपुर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित बड़ा गोलचक्कर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी शामिल हुए। इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने की मांग
वहीं प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए राजेश ठाकुर ने केंद्र सरकार पर छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नीट सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों अभ्यर्थियों की मेहनत प्रभावित हुई है। उन्होंने इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के समर्थन में होने वाले शांतिपूर्ण आंदोलनों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। विपक्षी नेताओं और सांसदों के साथ पुलिस के व्यवहार को उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बताया। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

सरकार का रवैया चिंताजनक
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हुई है। पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों का विश्वास टूट रहा है। उन्होंने शिक्षा मंत्री को पद से हटाने और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि शिक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार का रवैया चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय अपने मंत्रियों को बचाने में लगी है। वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राकेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने अभिभावकों से भी शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आवाज उठाने की अपील की। इस पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश, जिला और प्रखंड स्तर के कई नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।