logo

जंबोजेट नहीं, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने वाली है नई कमेटी-केशव महतो कमलेश 

KESHAV_mahto_KAMLESH.jpg

रांची 

प्रदेश कांग्रेस ने कुछ दिनों पहले नई कमेटी की घोषणा की थी। जिसके बाद से इस कमिटी को जंबोजेट बताया गया था। वहीं इस मसले को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने स्पष्ट किया कि नई कमेटी कोई जंबोजेट नहीं है, बल्कि यह संतुलित प्रतिनिधित्व वाली एक ऐसी कार्य योजना वाली कमिटी है जो जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने, कांग्रेस के नीति सिद्धांतों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में मिल का पत्थर साबित होगी। पार्टी ने हर लोकसभा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए 8-10 पदाधिकारियों की एक विशेष संसदीय क्षेत्र कार्यकारिणी टीम तैनात की है।

क्षेत्रीय भ्रमण और जनसम्पर्क कार्यक्रम

वर्तमान में पूरी कमेटी में 222 पदाधिकारी हैं, जिनमें से 206 लोगों को भौगोलिक और कार्यात्मक तौर पर फील्ड की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है और वे सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। इसमें कोषाध्यक्ष 01, उपाध्यक्ष 16, महासचिव 43, पीसीसी कोऑर्डिनेटर37, सचिव 81, संयुक्त सचिव 44 शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था के तहत पार्टी ने काम को पूरी तरह विकेंद्रीकृत कर दिया है। प्रत्येक टीम में एक लोकसभा प्रभारी, एक सह-प्रभारी और सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग से प्रभारी व सह-प्रभारी  नियुक्त किए गए हैं। ये टीमें गांवों और शहरी वार्डों में जाकर सीधे जनता से जुड़ेंगी। इसके लिए मासिक रूप से दिन निर्धारित किए गए हैं, जिसमें अनिवार्य क्षेत्रीय भ्रमण और जनसम्पर्क कार्यक्रम शामिल हैं। 

संगठन में बेहतर तालमेल

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि सभी पदाधिकारियों के लिए एक विशेष रूट चार्ट तैयार किया जा रहा है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस इसकी खुद मॉनिटरिंग करेगी, ताकि हर पदाधिकारी साल में कम से कम तीन बार अपने क्षेत्र के गांवों का दौरा जरूर करे। ये टीमें जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, जिला प्रभारियों, ब्लॉक व मंडल अध्यक्षों, और जिला कमिटी के उपाध्यक्षों और महासचिवों के साथ मिलकर काम करेंगी ताकि संगठन में बेहतर तालमेल रहे। वहीं संगठन की विचारधारा और जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए मीडिया विभाग के तहत लगभग 50 लोगों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।

Tags - Jharkhand Congress new committee Keshav Mahato Kamlesh organizational strategy Congress ideology Jharkhand politics