द फॉलोअप डेस्क
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों के चल रहे आंदोलन के बीच एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल कल (बुधवार) को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेगा और छात्रों की मांगों से सरकार को अवगत कराएगा। जानकारी के अनुसार के राजू कल ही रांची पहुंचेंगे। पहले वह पार्टी के नेताओं के साथ बैठक करेंगे और उसके बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात करने जाएंगे।

कांग्रेस का डेलीगेशन छात्रों से कर चुका है मुलाकात
बीते दिनों कांग्रेस के रांची महानगर अध्यक्ष कुमार राजा ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ आंदोलन स्थल पर जाकर छात्रों से मुलाकात की थी और उनकी समस्याओं को सुना था। कुमार राजा ने छात्रों को आश्वस्त किया था कि छात्र जो भी मांगे उनके सामने रखेंगे उसे वह अपनी पार्टी के नेताओं के जरिए मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे।

सरकार भी कमिटी बनाने पर कर रही है विचार
जो जानकारी है उसके अनुसार JPSC-JSSC के खिलाफ चल रहे आंदोलन पर सरकार की भी नजर है। सरकार छात्रों से संवाद करना चाहती है। इसके लिए सरकार एक उच्च स्तरीय कमिटी भी बनाने जा रही है। जिसमें मंत्री, अधिकारी, नेता और शिक्षाविद को शामिल किया जाएगा। जो जानकारी है उसके अनुसार आज या कल तक यह कमिटी बना दी जाएगी जिससे छात्रों से संवाद हो सके और छात्रों की मांगों पर सरकार काम कर सके।