logo

रिम्स निदेशक के इस्तीफे पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

edeb5588-35a8-480d-b64a-6b9259e50138.png

द फॉलोअप, रांची

रिम्स निदेशक के इस्तीफे पर भाजपा द्वारा दिए गए बयान पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तीन नेताओं अलग अलग बयान जारी किया है। महासचिव आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव और राकेश सिन्हा ने अपने अलग अलग बयान में भाजपा को घेरा है। आलोक दूबे ने रिम्स निदेशक डॉ. राजकुमार के इस्तीफे को लेकर भाजपा के आरोपों को निराधार और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को पहले रिम्स निदेशक का सार्वजनिक बयान पढ़ना चाहिए, जिसमें उन्होंने ईडी की पूछताछ के दौरान अपने साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किए जाने और मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया है। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर आरोप लगाना तथ्यों से परे है।

प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि रिम्स निदेशक डॉ. राजकुमार के इस्तीफे के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को जिम्मेदार ठहराना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई जनहित का मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह हर प्रशासनिक फैसले को राजनीतिक रंग देने में लगी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य व्यवस्था को पारदर्शी और जनहितैषी बनाने का काम हो रहा है तथा किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दलित उत्पीड़न के भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों की पक्षधर रही है। भाजपा जातिगत राजनीति कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

वहीं झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि रिम्स निदेशक के इस्तीफे को लेकर भाजपा के आरोप मनगढ़ंत और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं। उन्होंने भाजपा से पूछा कि यदि उसके पास भ्रष्टाचार, अवैध वसूली या उत्पीड़न के कोई प्रमाण हैं तो उन्हें सार्वजनिक करे या जांच एजेंसी को सौंपे। केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाना भाजपा की पुरानी आदत है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। भाजपा को बिना तथ्यों के सनसनी फैलाने से बचना चाहिए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और किसानों के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के आरोप लगा रही है। लोकतंत्र में आरोप नहीं, बल्कि प्रमाण और जवाबदेही का महत्व होता है।

Tags - Jharkhand Congress RIMS Director BJP