logo

देवघर : त्रिकुट हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को सौंपा गया मुआवजे का चेक

त्रिकुट हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को सौंपा गया मुआवजे का चेक

देवघर: 

सोमवार (18 अप्रैल) को त्रिकुट रोपवे हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को बतौर मुआवजा 5-5 लाख रुपये का चैक सौंपा गया। देवघर समाहरणालय सभागार में मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने परिजनों को मुआवजे का चेक सौंपा। इस दौरान कृषि मंत्री बादल पत्रलेख और स्थानीय विधायक नारायण दास भी मौजूद रहे। त्रिकुट रोपवे हादसे के दौरान अदम्य साहस, सहयोग और निस्वार्थ भाव से लोगों की सेवा करने वाले स्थानीय लोगों को प्रशस्ति पत्र तथा शॉल देकर सम्मानित किया गया। 

स्थानीय लोगों को भी किया गया सम्मानित
गौरतलब है कि त्रिकुट रोपवे हादसे में पन्नालाल पंजियारा नाम के शख्स ने अपनी जान दांव पर लगाकर 12 लोगों को सुरक्षित निकाला। गोविंद सिंह ने 1 व्यक्ति की जान बचाई। पप्पू सिंह ने माइक के जरिए लोगों का हौंसला बढ़ाया और रेस्क्यू टीम की सहायता की। कन्हैयालाल नाम के शख्स ने मैटेरियल रोपवे के संचालन में सहायता की। गोपाल कादरी ने फंसे लोगों तक खाने-पीने का सामान पहुंचाया। चंदन तुरी ने रेस्क्यू के दौरान फंसे हुए लोगों तक खाने-पीने का सामान पहुंचाया। 

मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने सौंपा चेक
कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि आगे ऐसी घटना ना हो, ये सुनिश्चित किया जायेगा। मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने कहा कि फिलहाल राज्य सरकार की तरफ से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये का चेक सौंपा गया है।

आगे भी परिजनों की हरसंभव सहायता की जायेगी। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि हादसे में लोगों की मौत काफी दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को ढाढ़ंस बंधाया।