द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। अगले दो दिनों में तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे गर्मी में राहत मिलेगी। दरअसल, उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और बारिश का असर झारखंड पर पड़ेगा। इस दिशा से आने वाली हवाएं राज्य के तापमान में परिवर्तन लाएंगी। यह बदलाव सप्ताह के अंत तक स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार, तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट से गर्मी से राहत मिलेगी। इस दौरान मौसम साफ और शुष्क रहेगा।
मौसम में बदलाव की संभावना है, लेकिन इस बारे में अभी तक कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। उत्तर भारत से आ रही हवाएं सुबह-शाम ठंड का एहसास कराएंगी। पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे ज्यादा तापमान सरायकेला में 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस था। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
38 डिग्री तक जा सकता है कोल्हान का तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज भी गर्मी महसूस होगी। राज्य के चार जिले ऐसे हैं, जहां का अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक जाने की संभावना है। देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहिबगंज में अधिकतम 34 व न्यूनतम 18 डिग्री रह सकता है। वहीं कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम 35 डिग्री व न्यूनतम 17 डिग्री, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला अधिकतम 32 डिग्री व न्यूनतम 17 डिग्री, पूर्वी व पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां व सिमडेगा अधिकतम 38 व न्यूनतम 19 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।