logo

भारत में बैन हुआ कॉकरोच जनता पार्टी का X अकाउंट, इंस्टाग्राम पर 13 मिलियन के पार पहुंचे फॉलोअर्स

COCK1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी का एक्स अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया है। कुछ ही दिनों में ऑनलाइन दुनिया में चर्चा का केंद्र बनी इस डिजिटल मुहिम का अकाउंट अब भारत में दिखाई नहीं दे रहा है। वर्तमान में X पर @CJP_2029 हैंडल सर्च करने पर ‘Account Withheld’ का संदेश दिखाई दे रहा है। हालांकि यह रोक केवल भारत के भौगोलिक क्षेत्र तक सीमित बताई जा रही है। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट साझा कर इस कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने तंज भरे अंदाज में लिखा, “जैसा कि उम्मीद थी, कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट भारत में रोक दिया गया है।” उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई। कई यूजर्स इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे प्लेटफॉर्म की नीति का हिस्सा बता रहे हैं।16 मई से शुरू हुआ ऑनलाइन कैंपेन
दरअसल, CJP नाम से इस ऑनलाइन अभियान की शुरुआत 16 मई को हुई थी। बताया जा रहा है कि देश के कुछ बेरोजगार युवाओं के रवैये को लेकर कॉकरोच शब्द के इस्तेमाल के बाद यह कैंपेन शुरू हुआ। इसके विरोध में अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए लिखा था- “क्या हो अगर सारे कॉकरोच इकट्ठा हो जाएं?” इसके बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से डिजिटल अभियान शुरू हुआ और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़ते चले गए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 13 मिलियन (1.3 करोड़) से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं। फॉलोअर्स के मामले में CJP ने केंद्र में सरकार चला रही भारतीय जनता पार्टी (BJP) को भी पीछे छोड़ दिया है। यही वजह है कि यह ऑनलाइन अभियान सोशल मीडिया पर चर्चा और बहस का बड़ा विषय बन गया है।
नेताओं और सेलिब्रिटीज की भी नजर
बताया जा रहा है कि CJP के सोशल मीडिया फॉलोअर्स में कई बड़े नेता, इन्फ्लुएंसर और सेलिब्रिटीज भी शामिल हैं। सोशल मीडिया एक्सपर्ट्स इसे युवाओं के गुस्से, बेरोजगारी और डिजिटल विरोध के नए ट्रेंड से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, राजनीतिक रूप से इसका भविष्य क्या होगा, इसे लेकर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी माना जा रहा है।

 

Tags - Cockroach Janta Party CJP Instagram X Platform Abhijeet Dipke Viral News Digital Campaign