logo

गिरिडीह कोलियरी एरिया में चलती मालगाड़ी से कोयला चोरी कैमरे में कैद, कई वर्षों से जारी है अवैध धंधा

a569.jpg

गिरिडीह:

गिरिडीह के सीसीएल कोलियरी एरिया में कोयला चोरी का लाइव वीडियो सामने आया है। इन तस्वीरों में देख सकते हैं कि कैसे चलती मालगाड़ी से कोयला गिराया जा रहा है। अपराधी चलती और खड़ी मालगाड़ियों पर चढ़कर खुलेआम कोयले की चोरी करते हैं। इन घटनाओं ने सीसीएल प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।  जानकारी के अनुसार गिरिडीह कोलियरी से रेलवे रैक के माध्यम से विभिन्न ताप विद्युत संयंत्रों और उद्योगों तक कोयले की आपूर्ति की जाती है।

रेलवे साइडिंग से लेकर कई संवेदनशील स्थानों तक संगठित गिरोह सक्रिय हैं। जैसे ही कोयला लदा रैक किसी स्थान पर धीमा होता है, गिरोह के सदस्य तेजी से बोगियों पर चढ़ जाते हैं और कोयला नीचे फेंकना शुरू कर देते हैं। इसके बाद नीचे मौजूद अन्य लोग बोरे और छोटे वाहनों की मदद से कोयले को सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचा देते हैं।

संगठित तरीके से संचालित है अवैध धंधा
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अवैध धंधा लंबे समय से संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा है। कई बार सीसीएल सुरक्षा कर्मियों द्वारा चोरी रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन इस दौरान धंधे में शामिल लोगों के साथ मारपीट और तनाव की घटनाएं भी सामने आई हैं। 

विवाद और झड़प में युवक की हत्या तक हुई
बताया जा रहा है कि पिछले दिनों इसी विवाद और झड़प के दौरान एक युवक की हत्या भी हो चुकी है, जिसके बाद इलाके में स्थिति और संवेदनशील हो गई है। बावजूद इसके कोयला चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Tags - Giridih CCLCoal TheftCrime News