रांचीः
सीएम हेमंत सोरेन ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर धन्यवाद कहा है। यह आभार उन्होंने यूक्रेन में फंसे छात्रों की सकुशल वापसी पर जताया है। सीएम ने मेडिकल छात्रों की शिक्षा जारी रखने के लिए संबंधित मंत्रालय को निर्देश देने का आग्रह भी किया है। बता दें कि यूक्रेन और रशिया के बीच हुए युद्ध के कारण झारखंड के 180 छात्रों को यूक्रेन से वापस बुला लिया गया था।

छात्रों की पढ़ाई भारत में ही हो
प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि यूक्रेन-रूस के बीच युद्ध के कारण वहां से लौटे छात्रों की पढ़ाई बाधित हो गयी है। छात्रों को असुरक्षित भविष्य का डर सता रहा है। फिलहाल इनके यूक्रेन वापस लौटने की संभावना नहीं है। ऐसी स्थिति में इन छात्रों की शिक्षा भारत में ही हो, इसको लेकर आवश्यक निर्देश संबंधित मंत्रालय को देने का आग्रह किया है।

मंत्रालय को आवश्यक निर्देश दिया जाए
सीएम सोरेन ने लिखा कि संसद के पिछले सत्र और सुप्रीम कोर्ट द्वारा भी इन छात्रों की अधूरी पढ़ाई को जारी रखने की व्यवस्था करने की बात कही गयी थी। लेकिन, अबतक कोई निश्चित निर्देश नहीं मिला है। इस कारण पीएम मोदी से आग्रह किया है कि इन छात्रों की उच्च शिक्षा भारत में ही हो, इसको लेकर संबंधित मंत्रालय को आवश्यक निर्देश दिया जाए।