रामगढ़:
Ramgarh News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज (27 नवंबर) अपने पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) पहुंचेंगे। यहां वे लुकैयाटांड़ में आयोजित बलिदानी सोबरन मांझी के बलिदान दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री अपने दादा सोबरन मांझी और दिवंगत पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। बलिदानी सोबरन मांझी के बलिदान दिवस के अवसर पर लुकैयाटांड़ में विशाल मेले के साथ विकास शिविर का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अलावा राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे। समारोह को लेकर क्षेत्र में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

विकास मेले में ग्रामीणों को मिलेंगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
आयोजित विकास मेले में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री इस अवसर पर क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। डीसी ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न थानों के पुलिस बल और जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा यातायात प्रबंधन, मंच, पंडाल, पेयजल और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से ब्रीफिंग कर सभी बीडीओ, सीओ और कर्मचारियों को ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। वहीं, जिंदल ग्रुप पतरातु के कर्मचारियों की ओर से बलिदान स्थल पर स्थित फव्वारे की मरम्मत कर उसे संवारा गया है।
कौन थे बलिदानी सोबरन मांझी?
सोबरन मांझी पेशे से शिक्षक थे। वे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत शिबू सोरेन के पिता और वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दादा थे। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से आदिवासी और मूलवासी समाज को जागरूक करने का प्रयास किया। महाजनी शोषण, सूदखोरी और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के कारण 27 नवंबर 1957 को लुकैयाटांड़ में महाजनों ने उनकी हत्या कर दी थी। सोबरन मांझी का बलिदान आगे चलकर झारखंड अलग राज्य आंदोलन और 'जल-जंगल-जमीन' के अधिकारों की लड़ाई के लिए प्रेरणा बना। उनके संघर्ष ने आदिवासी और मूलवासी समाज में जागरूकता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, लुकैयाटांड़ में स्थापित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा के ऊपर छज्जे का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया गया है।