द फॉलोअप डेस्क
झारखंड राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक 4 अप्रैल को होगी। इसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। बैठक में सड़क दुर्घटना रोकने व लोगों को जागरूक करने पर चर्चा होने की उम्मीद है। वहीं, खासकर गोल्डन ऑवर पर रणनीति तय की जाएगी। दरअसल दुर्घटना के बाद का पहला घंटा नाजुक होता है। घायल की जान बचाई जा सके इसके लिए गोल्डन ऑवर का प्रचार-प्रसार भी हो रहा है। मगर इस दिशा में और भी नई रणनीति बनाए जाने की चर्चा है। ताकि, सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के साथ हादसे में घायल लोगों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराई जाए।

नेम प्लेट लगाने के मामले में हाईकोर्ट ने मांगी है रिपोर्ट
निजी या सरकारी वाहनों पर नेम प्लेट लगाकर चलने वालों के मामले में हाईकोर्ट सख्त है। दरअसल इसके खिलाफ दाखिल की गई जनहित याचिका पर बीते महीने 15 मार्च को सुनवाई करते हुए झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्रा व जस्टिस आनंद सेन की खंडपीठ राज्य सरकार से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। बताते चलें कि मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने पूछा कि सरकार की अधिसूचना के बाद नेम प्लेट हटाने की क्या कार्रवाई हुई। कितनों पर कार्रवाई हुई। कोर्ट ने परिवहन विभाग से कहा है कि अभियान चलाकर नई अधिसूचना के संबंध में लोगों को जागरूक करना चाहिए। बताते चलें कि परिवहन विभाग ने वर्ष 2021 में अधिसूचना जारी कर बताया है कि निजी या सरकारी वाहनों पर बोर्ड लगाने के लिए कौन-कौन लोग अधिकृत है। अदालत ने मामले में अगली सुनवाई अप्रैल माह में निर्धारित की है। हालांकि, कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद ट्रैफिक पुलिस व परिवहन विभाग एक्टिव है। बीते दिनों नेम प्लेट लगे वाहनों के खिलाफ अभियान भी चलाया गया है। ऐसे में कहा जा रहा है कि चार फरवरी को होने वाली बैठक में इस मामले पर भी चर्चा हो सकती है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT