द फॉलोअप डेस्कः
धनबाद के गोल्फ मैदान में आयोजित झामुमो के 53वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कड़े तेवर में दिखे। इस दौरान उन्होंने खुलेआम केंद्र सरकार को चेतावनी दे दी है। उन्होंने कहा है कि केंद्र से कोयले की रॉयल्टी की बकाया राशि की वसूली के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। अपने हक के लिए जरूरत पड़ी, तो खदानों को भी बंद करायेंगे। अगर हम कोयला रोक दें, तो पूरे देश अंधेरा छा जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी रांची आये थे, तो उन्हें साफ कह दिया गया है कि झारखंड में चल रहीं कोयला खदानों की जमीन के बदले वही मुआवजा देना होगा, जो राज्य सरकार तय करेगी। अगर यह सौदा मंजूर नहीं है, तो कोयला खदानों को बंद कर दें। सीएम ने कहा कि इस पर कोयला मंत्री ने कहा कि यहां जमीन की दर काफी है, पर राज्य सरकार ने इसे कम करने से मना कर दिया है। कोयला मंत्री से कहा गया है कि वे केंद्र से रॉयल्टी मद में बकाया 1.36 लाख करोड़ रुपये का भुगतान करायें। उन्होंने कहा कि एक बार फिर से ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम शुरू होगा। पंचायत स्तर पर जा कर लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और उनका निराकरण करेंगे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि उनकी सरकार राज्य के मुद्दों को लेकर गंभीर है और अपने अधिकारों के लिए लड़ने को तैयार है। उन्होंने कहा कि मांगने से अधिकार नहीं मिलते, इसलिए लड़ना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही कोयला निकाली गई जमीनों को वापस लिया जाएगा। सीएम ने कोविड काल में शहीद हुए दो मंत्रियों हाजी हुसैन अंसारी और जगरनाथ महतो को भी याद किया। उन्होंने कहा कि यह पार्टी के लिए एक बड़ा झटका है, लेकिन झामुमो का पेड़ अभी भी मजबूत है। सीएम ने यह भी कहा कि सरकार जनता के हित में काम कर रही है और हक के साथ मजदूरी मांगने जाएगी। उन्होंने मंईयां सम्मान योजना के तहत फ्रॉड और दलालों से सावधान रहने की भी अपील की।