द फॉलोअप डेस्क
लोकसभा चुनाव खत्म होते ही झारखंड की चंपाई सरकार एक्शन मोड में नजर आ रही है। सीएम चंपाई ने झारखंड के 4 अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मंजूरी दी है। इनमें 2 अधिकारी सेवा से रिटायर हो चुके हैं। सीएमओ की ओर से राम प्रवेश कुमार, चंद्रशेखर सिंह, अवधेश कुमार पांडेय और डॉ अशोक कुमार पाठक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुमति दी गई है।
राम प्रवेश कुमार के वेतन वृद्धि पर रोक
सीएमओ के मुताबिक झारखंड प्रशासनिक सेवा के (चतुर्थ सीमित बैच) के तत्कालीन अंचल अधिकारी राम प्रवेश कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई को मंजूरी दी है। जिस मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है, उस वक्त राम प्रवेश कुमार धनबाद के बलियापुर में अंचल अधिकारी थे। वर्तमान में वह जामताड़ा जिले के करमाटांड़ में अंचल अधिकारी हैं। राम प्रवेश कुमार खिलाफ झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम-14(iv) के तहत असंचयात्मक प्रभाव से एक वेतन वृद्धि पर रोक का दंड अधिरोपित किए जाने के प्रस्ताव पर राज्य सरकार ने स्वीकृति दी है।
चन्द्रशेखर सिंह के पेंशन पर आजीवन रोक
झारखंड सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के रिटायर्ड ऑफिसर चन्द्रशेखर सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने की अनुमति दी है। सीएमओ की ओर से तत्कालीन प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सोनवर्षा, सहरसा (बिहार) के विरूद्ध झारखंड पेंशन नियमावली के नियम-43 (ख) के तहत उनके पेंशन पर आजीवन रोक लगा दी है।
अवधेश कुमार पांडेय की पेंशन में कटौती के प्रस्ताव को मंजूरी
धनबाद नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त और झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अवधेश कुमार पांडेय (कोटि क्रमांक-528/03) की पेंशन से एक साल तक 5 प्रतिशत की कटौती करने का फैसला किया है। सरकार ने इसकी भी मंजूरी दे दी है। झारखंड पेंशन नियमावली के नियम-43 (ख) के तहत दंडस्वरूप पेंशन में कटौती का प्रस्ताव लाया गया था।
बोकारो के पूर्व सिविल सर्जन के खिलाफ चलेगी विभागीय कार्रवाई
बोकारो जिले के तत्कालीन सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार पाठक के विरुद्ध गठित प्रपत्र ‘क’ के तहत विभागीय कार्यवाही चलाने के प्रस्ताव पर राज्य सरकार ने अपनी सहमति दे दी है। इसके साथ ही इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है।