logo

सहायक आचार्य के 26000 पदों पर नियुक्ति के लिए सीएम चंपाई सोरेन ने तय कर दी ये तिथि 

सहायक आचार्य के 26000 पदों पर नियुक्ति के लिए सीएम चंपाई सोरेन ने तय कर दी ये तिथि 

रांची    
सीएम चंपाई सोरेन ने आज स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अध्ययन कार्य प्रगति की समीक्षा की। सीएम ने समीक्षा के क्रम में अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी 15 अगस्त 2024 तक इंटरमीडिएट स्तरीय प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 11 हजार पदों पर नियुक्ति कल ली जाये। साथ ही कहा कि स्नातक स्तरीय प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 15 हजार पदों की बहाली आगामी 5 सितम्बर 2024 तक हर हाल में हो यह सुनिश्चित करें। शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार ने शिक्षक बहाली हेतु जो लक्ष्य रखा है, उसी अनुरूप कार्य प्रगति में तेजी लाते हुए लक्ष्य को हासिल करना है।  मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हमारी सरकार राज्य में शैक्षणिक व्यवस्थाओं को निरंतर मजबूत करने का कार्य कर रही है। स्कूलों में अध्यनरत विद्यार्थियों को शिक्षकों की कमी की वजह से पठन-पाठन में बाधा नही पहुंचे यह हम सभी की नैतिक जिम्मेवारी है।

जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के शिक्षकों की नियुक्ति 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में समृद्ध जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्राथमिक विद्यालयों में जनजातीय एवं क्षेत्रीय विषयों की पढ़ाई प्रारंभ हो सके इसके लिए जनजातीय भाषा के 3538 एवं क्षेत्रीय भाषाओं के 8418 पदों पर जो नियुक्ति की जानी है, इसकी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पारित न्यायादेश के आलोक में अंतिम काउंसलिंग के आधार पर चयनित 1511 प्रारंभिक शिक्षकों को जल्द नियुक्ति पत्र दी जाए। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राज्य के भीतर वैसे स्कूल जिसे कठिन भौगोलिक समस्याओं के कारणों से बंद किया गया था, उन विद्यालयों को फिर से प्रारंभ करने के लिए विभाग द्वारा आवश्यक कार्य योजना बनायी जाए।

वितरण कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश

सीएम चंपाई सोरेन ने नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक, पोशाक वितरण, मुख्यमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना एवं साइकिल वितरण योजना की समीक्षा की। कहा कि कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को ससमय पाठ्य पुस्तक उपलब्ध कराई जाए। अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्ष 2024-25 में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तक आपूर्ति एवं वितरण का कार्य जारी है। चंपाई ने निर्देश दिया कि पोशाक वितरण कार्य में तेजी लाते हुए शत प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करें। मुख्यमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना के तहत कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को वर्ष 2023-24 एवं  2024-25 की छात्रवृत्ति राशि अनिवार्य रूप से उनके बैंक खातों में डीबीटी कर दिए जाएं। मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने अवगत कराया कि  वित्तीय वर्ष 2023-24 की छात्रवृत्ति राशि कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को डीबीटी किया जा रहा है। वहीं वर्ष 2024-25 के लिए राशि की प्राप्ति होने के उपरांत डीबीटी किए जाने की कार्रवाई की प्रारंभ कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने छात्रवृत्ति राशि एवं साइकिल वितरण कार्य में तेजी लाने का निर्देश अधिकारियों को दिया। 


 

Tags - Champai SorenappointmentAssistant Professorharkhand News