logo

सीएम चंपाई ने कल्याण गुरुकुल एवं कौशल कॉलेज के 31 छात्रों को दिया नियुक्ति पत्र 

CM0270.jpg

रांची 

सीएम चंपाई सोरेन ने आज अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के विशेष प्रयोजन वाहिनी के रूप में कार्य कर रही कल्याण गुरुकुल एवं कौशल कॉलेज के 31 छात्र-छात्राओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। सभी प्रेझा फाउंडेशन द्वारा संचालित संस्था से संबंध रखने वाले छात्र हैं। इसके लिए झारखंड मंत्रालय में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें सीएम ने छात्र-छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनके कौशल विकास और रोजगार के लिए सरकार हमेशा से तैयार है। उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।


मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि नियुक्ति पत्र मिलने के साथ आपके दायित्व भी बढ़ गए हैं। आपको अपने घर- परिवार को चलाने के साथ समाज, राज्य और देश के लिए जिम्मेदारी निभानी है। ऐसे में पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करें, क्योंकि आपसे बहुत कुछ जुड़ा  है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि संसार में कभी कोई कार्य रुकता नहीं है। ऐसे में बदलते समय के अनुरूप अपने को बनाए रखना जरूरी है। आप अपने कार्यों में निरंतरता के साथ सीखने की प्रक्रिया भी  हमेशा जारी रखें। यह आपको और भी आगे ले जाएगा।

प्रेझा फाउंडेशन द्वारा संचालित कौशल कॉलेज और कल्याण गुरुकुल के जिन विद्यार्थियों को आज नियुक्ति पत्र मिला, उनमें कल्याण गुरुकुल के 13 विद्यार्थियों का चयन दुबई की एक कंपनी, नर्सिंग की 4 छात्राओं का चयन हैदराबाद के एक बड़े अस्पताल, कलीनरी के 6  विद्यार्थियों का चयन राजस्थान और 8 विद्यार्थियों का हैदराबाद के एक बड़े होटल के लिए हुआ है। इस अवसर पर मंत्री  दीपक बिरुवा,  मुख्यमंत्री के सचिव  अरवा राजकमल,  सचिव कृपानंद झा और प्रेझा फाउंडेशन के मुख्य परियोजना पदाधिकारी एम कुमार मौजूद थे।

Tags - Champai SorenappointmentKaushal CollegeJharkhand News