साहिबगंज :
झारखंड के 22 जिलों के 226 प्रखंडों को सुखाड़ घोषित कर दिया गया है। इसके तहत 30 लाख किसानों को सरकार 3500 रुपए के हिसाब से प्रति किसान सहायता राशि देने के लिए योजना बना कर कार्य कर रही है। यह बातें बुधवार को साहिबगंज के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित "आपकी योजना-आपकी सरकार- आपके द्वार" कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि सरकार आपकी सहायता के लिए संकल्पित है। किसानों के लिए विभाग द्वारा पहचान पत्र बनवाए जा रहे हैं। जल्द ही विशेष शिविर लगाकर किसानों को निबंधित करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी योजना है कि हर खेत में 12 महीने पानी उपलब्ध हो। इसको लेकर कार्ययोजना बनाई जा रही है। वहीं, अभियान को लेकर सीएम ने कहा कि आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम का लक्ष्य आपके हित की योजनाओं को आपके घर के दरवाजे तक पहुंचाना है। इसे मिशन मोड में चलाया जा रहा है। ताकि, अधिक से अधिक लोगों को त्वरित रूप से लाभ दिलाया जा सके। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया है कि जहां भी शिविर लगे, वहां अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अवश्य समर्पित करें।

99 प्रतिशत आवेदनों का हुआ निष्पादन
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत 35 लाख आवेदन आए थे। जिसमें 99 प्रतिशत लोगों की समस्याओं का समाधान हुआ। इस बार 15 दिन में 21 लाख से ज्यादा आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। जिनका संबंधित अधिकारियों द्वारा निराकरण किया जा रहा है। सुदूरवर्ती इलाकों तक इस योजना को पहुंचाने के लिए सरकार के पदाधिकारी आपके पास पहुंच रहे हैं। पोर्टल के माध्यम से इस कार्यक्रम की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है।

विभिन्न योजनाओं से लोगों को सरकार कर रही लाभान्वित
राज्य में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से 9 लाख बच्चियों को लाभान्वित करने की योजना है। इसमें लगभग 2 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1लाख 25 हजार आवेदन स्वीकृत भी कर लिए गए हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बच्चियों को योजना का लाभ भी मिलना आरंभ हो जाएगा। सरकार बुजुर्गों, विधवा, दिव्यांग एवं एकल महिला को सर्वजन पेंशन से जोड़ ही रही है। आदिवासी, पिछड़े आदि के बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उन्हें सरकारी खर्चे पर विदेश पढ़ने के लिए भेजा जा रहा है। झारखंड के बेहतर भविष्य के निर्माण को लेकर मॉर्डन स्कूल और कल्याण विभाग द्वारा बनाए गए आदिवासी छात्रावास का भी सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

10481 लाख रुपए की योजनाओं को उद्घाटन-शिलान्यास
साहिबगंज में कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 10481 लाख रुपए की लागत से 23 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। 5517.75 लाख रुपए की लागत से 9 योजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण विकास, विशेष प्रमंडल के तहत पुल निर्माण, श्रम विभाग के तहत 2 मेकर लैब निर्माण, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल एवं कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग के तहत विभिन्न पथों का सुदृढ़ीकरण एवं निर्माण कार्य तथा झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा निर्मित बरहेट थाना के नए भवन का उद्धघाटन किया। उन्होंने कुल 4963.25 लाख रुपए की लागत के 14 योजनाओं की आधारशिला रखी। जिसमें कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण विकास, विशेष प्रमंडल के तहत 8 उच्चस्तरीय पुल का निर्माण, कार्यपालक अभियंता, गंगा पंप नहर के तहत विभिन्न स्थानों पर कुल 610 मीटर के कटाव निरोधक कार्य एवं कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई, प्रमण्डल के तहत 3 चेकडैम के निर्माण कार्य शामिल है। इसके अलावा मुख्यमंत्री द्वारा कार्यक्रम में कुल 133.29 लाख रुपए के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के 23 लाभुकों के बीच नियुक्ति पत्र एवं परिसंपत्ति का वितरण किया। मौके पर मंत्री संसदीय कार्य, ग्रामीण विकास विभाग आलमगीर आलम, मंत्री श्रम रोजगार प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग सत्यानंद भोक्ता, लोकसभा सांसद विजय हांसदा, बोरियो विधायक लोबिन हेम्ब्रम, राजमहल विधायक अनंत ओझा, जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, संथाल परगना के डीआईजी सुदर्शन कुमार मंडल, साहिबगंज जिले के डीसी रामनिवास यादव और एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।