logo

एक नजर में निकाय चुनाव : झड़प में बोकारो डीएसपी घायल; कहीं बोगस वोटिंग, फायरिंग से कई जिलों में तनाव

praveen.jpg

रांची
राज्य में नगर निकाय चुनाव के तहत सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे शांतिपूर्वक समाप्त तो हुआ, लेकिन पूरे दिन लोकतंत्र के दो अलग-अलग रंग देखने को मिले। राजधानी रांची समेत कई जिलों में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें और उत्साह नजर आया, वहीं दूसरी ओर कई स्थानों से हिंसा, बोगस वोटिंग और हंगामे की खबरें भी सामने आईं।
बोकारो में बूथ पर बवाल और मारपीट की घटना में चास डीएसपी प्रवीण सिंह घायल हो गए। चास के भोजपुर कॉलोनी क्षेत्र में बोगस वोटिंग के आरोप में तीन महिलाओं को हिरासत में लिया गया।
गिरिडीह और धनबाद: बूथों पर झड़प
गिरिडीह के बूथ संख्या 4 पर समर्थकों के बीच झड़प हुई। वहीं धनबाद के वार्ड 27 और वार्ड 22 में भी हंगामा हुआ। वार्ड 22 में बूथ लूटने की कोशिश और पार्षद प्रत्याशी के भाई से मारपीट की घटना ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में निकाय चुनाव के विरोध में कोल्हान बंद बुलाया गया। चांडिल में हाईवे जाम कर विरोध जताया गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।


जमशेदपुर और गुमला: मारपीट और बोगस वोटिंग पर बवाल
जमशेदपुर के जुगसलाई क्षेत्र में बोगस वोटिंग के आरोप पर हंगामा हुआ। समर्थकों के विरोध के कारण करीब एक घंटे तक मतदान बाधित रहा।
गुमला जिले के अंबेडकर नगर मतदान केंद्र (वार्ड संख्या 4) पर दो गुटों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया।
रांची और साहिबगंज: मारपीट और गोली चलने से अफरातफरी
रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में मतदान के दौरान मारपीट की घटना सामने आई। वहीं साहिबगंज में चुनाव ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान की राइफल से गलती से गोली चल जाने से कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। दिनभर की इन घटनाओं के बीच पुलिस और प्रशासन ने कई स्थानों पर हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया पूरी कराई गई। निकाय चुनाव में जहां एक ओर लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, वहीं कुछ स्थानों पर हुई घटनाओं ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण भी बना दिया।


 

Tags - Dhanbad ward 22 booth loot Jamshedpur Jugsalai voting clash Gumla Ambedkar Nagar dispute Sahibganj homeguard firing Kolhan bandh municipal election