द फॉलोअप डेस्कः
जमशेदपुर के वर्मा माइंस थाना क्षेत्र में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें 10 से 15 राउंड फायरिंग और चापड़ से हमला भी हुआ। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें शाहरुख, गुलाम गौस और अफजल शामिल हैं। शाहरुख और गुलाम गौस का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है, जबकि अफजल का इलाज टीएमएच में हो रहा है। अफजल को मुंह में गोली लगी। पुलिस ने घटनास्थल से 5 खोखा, 1 पिस्तौल और लोडेड मैगजीन बरामद की है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। इसके अलावा, एमजीएम अस्पताल में इलाजरत दोनों भाइयों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के मुताबिक, अफजल और शाहरुख के बीच कुछ महीनों से विवाद चल रहा था, जो ब्राउन शुगर और जुए के धंधे को लेकर था। घटना की रात, अफजल के साथी रज्जाक और शाहरुख गुट के शाहीद के बीच मारपीट हुई। इसके बाद, अफजल और उसके साथियों ने शाहरुख और उसके परिवार पर हमला किया। हमले में शाहरुख और उसके चचेरे भाई गुलाम गौस घायल हो गए। शाहरुख ने बताया कि अफजल और उसके साथियों ने हवाई फायरिंग की और चापड़ से हमला किया। शाहरुख ने अफजल के हाथ से पिस्तौल छीनने की कोशिश की, लेकिन अफजल के घर की महिलाएं भी आ गईं और सभी ने मिलकर चापड़ से हमला कर दिया। घटना के बाद, पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए ले गई। पुलिस ने घटनास्थल से 5 खोखा, 1 पिस्तौल और लोडेड मैगजीन बरामद की है।
.jpeg)
वहीं टीएमएच में भर्ती अफजल की मां सरीफुल खातून ने बताया कि रात 10:30 बजे वह बेटे को खाना देने के लिए जगा रही थी। तभी शाहरुख, गुलाम गौस, शाहिद और उनके घर की महिलाएं चापड़ और हथियार लेकर घर में घुस गई। घर के सामने होटल और अंदर तोड़फोड़ करने लगे। अफजल ने विरोध किया तो शाहरुख ने पिस्तौल निकाल कर गोली चला दी। एक गोली मुंह में लगी। जिसके बाद शाहरुख के घर की महिलाओं ने चापड़ से हमला कर दिया। इसमें कई लोग घायल हो गए। परिजनों के मुताबिक किसी तरह सरीफुल खातून अपनी बेटियों को लेकर भागी और बर्मा माइंस थाना पहुंची। 2 साल पहले बर्मा माइंस कंटेनर यार्ड में शाहरुख ने अपने साथी शाहिद और सगीर के साथ मिलकर अफजल पर गोली चलाई थी। इस मामले में शाहीद जेल गया था। कुछ महीने पहले वह जेल में रहकर बाहर आया। इसके बाद से अफजल और शाहरुख के बीच दुश्मनी बढ़ गई।