हजारीबाग
स्कूल सुधार अभियान के तहत कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम हजारीबाग पहुंची। अभियान के दौरान पार्टी के सदस्यों ने छात्रों से सीधा संवाद किया और स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की जानकारी जुटाई। CJP की ओर से यह अभियान देशभर में चलाया जा रहा है, जिसके तहत पार्टी के सदस्य विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर छात्रों से मुलाकात कर रहे हैं और वहां की शैक्षणिक व्यवस्था को समझने का प्रयास कर रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के कोर सदस्य ने झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि राज्य के कई स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। कई विद्यालयों की इमारतें जर्जर स्थिति में हैं, जबकि कुछ स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में शिक्षकों की कमी है। इसके कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात भी सामने आई है।

जुनैद की बिरयानी’ से चर्चित जुनैद भी हजारीबाग पहुंचे
अभियान के दौरान टीम ने छात्रों से बातचीत कर स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता, भवन की स्थिति और पढ़ाई से जुड़ी अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी ली। पार्टी के सदस्यों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जमीनी स्तर पर शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को समझना और उसमें सुधार के लिए आवश्यक पहल की दिशा में काम करना है। इस दौरान ‘जुनैद की बिरयानी’ से चर्चित जुनैद भी हजारीबाग पहुंचे। उन्होंने छात्रों से मुलाकात की और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही। छात्रों ने भी अपनी समस्याएं और स्कूल से जुड़ी अपेक्षाएं CJP टीम के सदस्यों के सामने रखीं। पार्टी की ओर से कहा गया कि स्कूल सुधार अभियान के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर छात्रों से सीधे संवाद किया जाएगा और शिक्षा व्यवस्था से संबंधित जमीनी समस्याओं को सामने लाने का प्रयास जारी रहेगा।
