द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत आज झारखंड दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह झारखंड हाईकोर्ट परिसर में नवनिर्मित डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। शाम 7:30 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह में न्यायिक व्यवस्था के तकनीकी आधुनिकीकरण और डिजिटल सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जाएगी। कार्यक्रम में देश के मुख्य न्यायाधीश के साथ झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और अन्य वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। झारखंड की न्यायिक व्यवस्था में तकनीक का नया चैप्टर जुड़ने जा रहा है। सूर्यकांत झारखंड हाई कोर्ट परिसर में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक डेटा सेंटर का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही अदालत की नई वेबसाइट, मोबाइल ऐप और छह महत्वपूर्ण डिजिटल पहलों का भी शुभारंभ किया जाएगा, जिससे मुकदमों की पेंडेंसी कम करने और न्यायिक कार्यों को पारदर्शी बनाने में गति आएगी। नया डेटा सेंटर हाई-परफॉर्मेंस जीपीयू सर्वर, आधुनिक नेटवर्क सुरक्षा, निर्बाध बिजली आपूर्ति, केंद्रीकृत स्टोरेज और बैकअप सिस्टम से लैस है। यह ढांचा केस इंफॉर्मेशन सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक न्यायिक रिकॉर्ड्स और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी सेवाओं को बिना रुकावट संचालित करने में मदद करेगा। इससे संवेदनशील न्यायिक रिकॉर्ड्स की डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों के होंगे संबोधन
उद्घाटन समारोह की शुरुआत झारखंड हाईकोर्ट की कम्प्यूटरीकरण एवं डिजिटलीकरण समिति के सदस्य जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी के स्वागत भाषण से होगी। इसके बाद झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस अपरेश कुमार सिंह और जस्टिस एस चंद्रशेखर भी समारोह में अपने विचार रखेंगे।

डिजिटल सेवाओं और सॉफ्टवेयर का होगा शुभारंभ
शाम 8:30 बजे तक चलने वाले कार्यक्रम के दौरान CJI सूर्यकांत और अन्य गणमान्य अतिथि कई महत्वपूर्ण डिजिटल सेवाओं तथा सॉफ्टवेयर का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत मुख्य भाषण देंगे। समारोह के अंत में झारखंड हाईकोर्ट की कम्प्यूटरीकरण एवं डिजिटलीकरण समिति के अध्यक्ष जस्टिस आनंद सेन धन्यवाद ज्ञापन करेंगे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।