logo

धनबाद में CISF टीम पर हमला, जब्त बाइक लेकर भागे हमलावर

धनबाद में CISF टीम पर हमला, जब्त बाइक लेकर भागे हमलावर

धनबाद: 
Dhanbad News:
धनबाद जिले के निरसा में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने गई CISF और ECL की संयुक्त सुरक्षा टीम पर हमला हुआ है। राजा कोलियरी में अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद कर लौट रही टीम को बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के पास निशाना बनाया गया। जंगल में घात लगाकर बैठे 8 से 10 हमलावरों ने जवानों की गाड़ी में तोड़फोड़ की और जब्त की गई एक मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। हालांकि, अतिरिक्त जवानों के मौके पर पहुंचने से वाहन चालक और दो जवान बाल-बाल बच गए।

निरसा में घात लगाकर बैठे थे हमलावर
निरसा में कोयला तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने वाली सुरक्षा टीम भी उनके निशाने पर है। गुरुवार की शाम राजा कोलियरी में छापेमारी कर लौट रही CISF और ECL की संयुक्त टीम पर हमला किया गया। बताया जाता है कि टीम ने अभियान के दौरान अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद कराया था। साथ ही चोरी का कोयला ढोने में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की थीं।

बोलेरो में तोड़फोड़, एक जब्त बाइक लेकर भागे
दोनों मोटरसाइकिलों को ट्रैक्टर पर लादकर जवान निरसा थाना ले जा रहे थे। इसी दौरान बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के समीप जंगल में पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 हमलावरों ने टीम को घेर लिया। हमलावरों ने जवानों को लेकर जा रही बोलेरो में तोड़फोड़ की और एक जब्त मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए।दूसरी बाइक को भी ले जाने की कोशिश की गई। इसी बीच अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंच गए। हमलावर दूसरी मोटरसाइकिल जंगल में छोड़कर भाग निकले, जिसे बाद में सुरक्षा टीम ने बरामद कर लिया।

वाहन चालक ने जताई सुरक्षा को लेकर चिंता
इस घटना के दौरान अतिरिक्त जवानों के समय पर पहुंचने से बोलेरो चालक और उसमें सवार दो जवान सुरक्षित बच गए। वाहन के चालक और मालिक लाल बहादुर प्रसाद ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि जब दिनदहाड़े सुरक्षा जवानों पर हमला हो सकता है, तो वाहन चालकों और दूसरे कर्मचारियों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

एसडीपीओ ने क्या बताया?
वहीं, घटना को लेकर निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो ने बताया कि CISF की टीम वाहन से दो जब्त मोटरसाइकिल लेकर लौट रही थी। इसी दौरान 8 से 10 युवकों ने टीम पर पत्थरबाजी की और जब्त मोटरसाइकिल अपने साथ लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि CISF की ओर से लिखित शिकायत दी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना ने निरसा में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जब सुरक्षा बलों की टीम ही सुरक्षित नहीं है, तो अवैध कोयला कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने की चुनौती से कैसे निपटा जाएगा?
 

Tags - CISF Attack Illegal Coal Mining Dhanbad News Coal Smuggling Nirasа News