logo

JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ एक्शन में CID, इधर अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी...

CID4.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड लोक सेवा आयोग की 14वीं पीटी परीक्षा में  कथित गड़बड़ी के खिलाफ जारी छात्र आंदोलन के बीच सीआईडी का एक्शन तेज हो गया है। भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार के खिलाफ सीआईडी ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। इसी सिलसिले में 3 अगस्त की सुबह सीआईडी की अलग-अलग टीमों ने रांची, हजारीबाग, पलामू, बोकारो और चतरा के कुल 20 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त करने की सूचना है। सीआईडी ने बोकारो के सेक्टर-3 में मकान नंबर 315 में सघन तलाशी ली। यह मकान आयोग के पूर्व सदस्य सनात प्रकाश का है। आसपास के लोगों ने बताया कि मकान एक साल से खाली है। 

पलामू में CID की 3 अलग-अलग टीमों ने मारा छापा
पलामू में सीआईडी की 3 टीमों ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की। अधिकारियों ने मेदिनीनगर के बारालोटा हनुमान नगर निवासी शिक्षक रविशंकर कुमार और शिक्षक संतोष कुमार के बीएस कॉलेज स्थित आवास और नौडीहा बाजार में उनके पैतृक घर की तलाशी ली। बताया जाता है कि अधिकारियों ने कमरों और आलमारियों को खंगाला और दस्तावेजों की गहन जांच की। अधिकारी कुछ दस्तावेज अपने साथ  ले गये। रांची में एक कोचिंग संस्थान में छापा मारकर अधिकारी दस्तावेज जब्त करके ले गये। 

बताया जाता है कि सीआईडी ने यह कार्रवाई परीक्षा माफिया अभय तिवारी उर्फ मनोज से मिले इनपुट के आधार पर की।

एल खियांग्ते से CID की चौथी बार पूछताछ 
इसी बीच पद छोड़ चुके जेपीएससी के पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते से भी सीआईडी की पूछताछ जारी है। आज चौथी बार उन्हें  सीआईडी दफ्तर में पूछताछ के लिए तलब किया गया। इससे पहले एल खियांग्ते से 28, 29 और 31 जुलाई को लंबी पूछताछ हो चुकी है। जानकारी मिली है कि एल खियांग्ते पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। पिछले दिनों इस केस में गिरफ्तार आयोग की उप-परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता ने कथित तौर पर सीआईडी को बताया था कि एल खियांग्ते को गड़बड़ियों की पूरी जानकारी थी। 

CID ने अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है
14वीं  जेपीएससी पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ी के आरोप में सीआईडी ने अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सबको रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई है। सीआईडी ने इस केस में परीक्षा माफिया अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज को 21-22 जुलाई की दरमियानी रात पोड़ैयाहाट से गिरफ्तार किया था। अभय कुमार तिवारी यहां प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के रूप में तैनात था। अभय तिवारी पर रांची में 11 महीनों के लिए होटल लीज पर लेकर नौकरी में सेटिंग-गेटिंग का खेल, खेलने का आरोप है। उसने 1 वर्ष में जेपीएससी और जेएसएससी की 4 बड़ी भर्ती परीक्षाओं में कामयाबी हासिल की। 

22 जुलाई को सीआईडी ने 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप में आयोग की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता, परीक्षा एजेंसी टीडीपीएल के निदेशक रामवीर सिंह, मो. उस्मान और मो. ईबाद समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया। 25 जुलाई को जांच एजेंसी ने विवादित परीक्षा एजेंसी टीडीपीएल के कर्मचारी हेमंत वर्मा, प्रदीप कुमार सिंह और संजय कुमार को गिरफ्तार किया। 26 जुलाई को जेपीएससी के कर्मचारी सोनू कुमार को सीआईडी ने गिरफ्तार किया और रिमांड पर लेकर  पूछताछ की। 

30 जुलाई को 14वीं जेपीएससी में सफल होने वाले अभ्यर्थी सौरभ सुमन को सीआईडी ने गिरफ्तार किया है। सौरभ सुमन पर अनुचित साधनों का इस्तेमाल करके परीक्षा में सफल होने का आरोप है।  

सीआईडी ने आम लोगों से भी मांगा है सहयोग
सीआईडी ने व्हाट्सअप नंबर और ईमेल आईडी जारी करके आम लोगों से अपील की थी कि यदि उनके पास 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़ी कोई जानकारी है तो जांच टीम के साथ साझा करें। सीआईडी ने 30 जुलाई को भी व्हाट्सएप नंबर और ईमेल आईडी जारी करके 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में सफल अभ्यर्थयों से कहा कि वे अपनी ओएमआर शीट की कॉर्बन कॉपी जांच एजेंसी के साथ साझा करें। इसकी मियाद 5 अगस्त को पूरी होने वाली है। 

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन जारी
एक ओर सीआईडी की ताबड़तोड़ कार्रवाई चल रही है तो वहीं दूसरी ओर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन जारी है। 29 जुलाई को हजारों की संख्या में अभ्यर्थियों ने स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक संविधान मार्च निकाला। 2 अगस्त को अभ्यर्थियों ने विशाल मशाल जुलूस निकाला, जिसमें हजारों विद्यार्थी शामिल हुए। इससे पहले 1 अगस्त को अभ्यर्थियों ने मोबाइल फोन का फ्लैश लाइट जलाकर विरोध जताया। झारखंड के सभी 24 जिलों से अभ्यर्थियों के रांची पहुंचने का सिलसिला भी जारी है। यहां टेंट लगाने को लेकर अभ्यर्थियों और पुलिस प्रशासन के बीच थोड़ा गतिरोध भी देखने को मिला है।

अभ्यर्थियों की मांग है कि 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा के अलावा उत्पाद सिपाही और सीजीएल परीक्षा रद्द की जाए। भर्ती परीक्षाओं को ईमानदारी और पूरी पारदर्शिता से आयोजित कराने की ठोस पहल हो। गड़बड़ी की जांच सीबीआई से कराई जाये और परीक्षा एजेंसियों के चयन में झारखंड को प्राथमिकता दी जाये। भर्ती परीक्षाओं के कैलेंडर को भी नियमित करने की मांग अभ्यर्थियों ने की है। 

एक और अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में डटे हैं और दूसरी ओर सीआईडी की कार्रवाई जारी है। सरकार ने भरोसा दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

Tags - Jharkhand Student Protest14th JPSC ExamCIDJharkhand