द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा से सटे चित्तरंजन शहर के अमलादही क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमलादही महिला समिति स्कूल के पास एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में घायल युवकों की पहचान चित्तरंजन के एरिया-5, स्ट्रीट नंबर-30 निवासी अंकित और अंश के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के वक्त दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
.jpg)
हेलमेट न होने की वजह से दोनों युवकों को गंभीर चोट लगी है। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने सक्रियता दिखाई और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाने में मदद की। दोनों को तुरंत कस्तूरबा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा कार चालक की लापरवाही से हुआ या बाइक की अनियंत्रित गति के कारण। वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है।
.jpeg)