रांची:
डुमरदगा स्थित रिमांड होम में कुछ दिन पहले रंगदारी वसूलने को लेकर मारपीट की खबर सामने आई थी। बाल कैदियों का दो गुट आपस में भिड़ गया था। अब इन बाल बंदियों को तीन अलग-अलग जिलों में स्थित बाल सुधार गृह में शिफ्ट किया जा रहा है। गौरतलब है कि 10 बाल कैदियों में से 4 को जमशेदपुर, 3 को हजारीबाग औ 3 को बोकारो में शिफ्ट किया गया है।

बाल कैदियों के खिलाफ संगीन मामले दर्ज
गौरतलब है कि इन सभी बाल बंदियों के खिलाफ रंगदारी, लूट, हत्या और बलात्कार जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। जानकारी मिली है कि रिमांड होम में रहने के दौरान इनके आचरण और बर्ताव में कोई सुधार नहीं हुआ। दूसरे रिमांड होम में शिफ्ट किए गए इन बाल बंदियों पर डुमरदगा रिमांड होम में रहने के दौरान दूसरे बाल बंदियों से रंगदारी वसूलने तथा दूसरे जिलों से आए बाल बंदियों के साथ मारपीट करने तथा अपने नियंत्रण में रखने की कोशिश का आरोप है।
2 गुटों में बंटकर बाल कैदियों का हंगामा
रिमांड होम प्रबंधन का कहना है कि बाल बंदी 2 गुटों में बंटे हुए थे। वे अक्सर एक दूसरे के साथ मारपीट की घटनाओं में संलिप्त रहते हैं। यही वजह है कि रिमांड होम प्रबंधन ने उनको अलग-अलग बाल सुधार गृहों में शिफ्ट करने का फैसला किया। रिमांड होम प्रबंधन वैसे बाल कैदियों की भी पहचान कर रहा है जो खूंखार हैं। उनको भी अलग जगहों पर शिफ्ट किया जायेगा।

रविवार को बाल कैदियों के 2 गुट में मारपीट
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रविवार सुबह 6 बजे बाल बंदियों का 2 गुट आपस में भिड़ गया था। जमकर मारपीट हुई थी। 21 बाल कैदियों को चोट भी लगी थी। इसमें गंभीर रूप से गायल 10 बाल कैदियों को रिम्स जबकि 3 को सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पता चला था कि 15 बाल कैदियों का एक गुट दूसरे बाल बंदियों से रंगदारी वसूल रहा था।