द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जिला भ्रमण कार्यक्रम के तहत सोमवार को लातेहार जिला पहुंचे। इस दौरान सीएम ने लोगों से कहा कि हमारी सरकार राज्य को विकास की दहलीज पर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस कड़ी में सरकार द्वारा संचालित विकास और कल्याणकारी योजनाएं हकीकत में "आकार" ले रही हैं या नहीं इसे देखने के लिए जिलों का भ्रमण कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि अब सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई की क्वालिटी से किसी तरह का समझौता नहीं होगा। बच्चों को अब निजी विद्यालयों से भी बेहतर पढ़ाई की सुविधाएं सरकार उपलब्ध करा रही है। स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (उत्कृष्ट विद्यालय) को इसी सोच के साथ खोला जा रहा है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में चयनित राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय के नवनिर्मित शैक्षणिक भवन का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने यहां आईसीटी लैब, कंप्यूटर रूम, लाइब्रेरी, क्लास रूम, ऑडिटोरियम और टीचर्स रूम समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने बच्चे और बच्चियों के बीच पाठ्य- पुस्तक सामग्रियों का वितरण भी किया। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट विद्यालय में नए सेशन से पढ़ाई शुरू होगी। यहां अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई होगी और ये सीबीएसई से एफिलिएटिड होंगे।

बालक छात्रावास में मिल रही सुविधाओं की ली जानकारी
कल्याण विभाग द्वारा संचालित बालक छात्रावास का सीएम ने निरीक्षण किया। यहां की व्यवस्थाओं और बच्चों को मिलने वाली सुविधाएं की जानकारी ली। इस दौरान बच्चों ने यहां हो रही कुछ कठिनाइयों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। जिस पर सीएम ने कहा कि छात्रावासों की रूपरेखा बदली जा रही है। भवनों की मरम्मत का काम शुरू हो चुका है। यहां आपको खाना बनाने की जरूरत नहीं होगी। रसोईया की सुविधा के साथ सुरक्षा के लिए चौकीदार भी तैनात रहेंगे। यहां अनाज की व्यवस्था सरकार के द्वारा की जाएगी। आपको सिर्फ पढ़ना है, बाकी आपकी सभी जरूरतें सरकार पूरा करेगी।

दीदी कैंटीन पहुंचे, व्यवस्था देख जताई खुशी
समाहरणालय भवन में महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित फूलो-झानो दीदी कैंटीन का सीएम ने जायजा लिया। यहां की व्यवस्था देखकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका से जोड़ने के लिए फूलों झानो आशीर्वाद योजना चलाई जा रही है। हड़िया- दारू बेचने के लिए मजबूर महिलाओं को सरकार द्वारा आर्थिक सहायता दी जा रही है, ताकि वे सम्मानजनक आजीविका शुरू कर अपने परिवार का बेहतर तरीके से जीवन यापन कर सकें।

सदर अस्पताल में आपातकालीन सेवा भवन की व्यवस्था देखी
मुख्यमंत्री ने सदर अस्पताल 24×7 आपातकालीन सेवा का निरीक्षण किया। उन्होंने डायग्नोस्टिक लैब और ओपीडी की व्यवस्था को विशेष रूप से देखा। यहां कार्यरत चिकित्सकों और अन्य कर्मियों से पूरी व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लोगों की सुनी समस्याएं, निराकरण का दिया भरोसा
परिसदन में मुख्यमंत्री ने आम लोगों से मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने अपनी परेशानियों और समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संवेदनशील सरकार है। हर व्यक्ति की समस्या का निराकरण करना हमारा दायित्व है। आपकी जो भी समस्याएं हैं, उनका शीघ्र और यथोचित निराकरण हो, इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मौके पर मंत्री सत्यानंद भोक्ता, विधायक वैद्यनाथ राम, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT