logo

CM हेमंत सोरेन ने की बाल पत्रकारों की जिज्ञासा को शांत

CM हेमंत सोरेन ने की बाल पत्रकारों की जिज्ञासा को शांत

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
Unisef News Jharkhand: विश्व बाल दिवस के अवसर पर यूनीसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस अवसर पर सीएम ने बाल पत्रकारों की मांग और जिज्ञासा को शांत किया। बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के समक्ष बाल अधिकारों में किए गए सकारात्मक बदलावों और अपने सपनों एवं भविष्य को लेकर संवाद किया। मुख्यमंत्री के साथ चर्चा के दौरान बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल एवं समुदाय में किए गए बदलावों के बारे में उन्हें अवगत कराया कि किस प्रकार उन्होंने बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक समस्याओं और सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम तथा स्कूल से ड्रॉप आउट बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा में वापस लाने से में भूमिका निभाई। बाल पत्रकारों ने इस दौरान माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर संचारी बीमारियों को रोकने, स्वस्थ खानपान एवं जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर जन-जागरूकता के प्रयासों के बारे में विस्तार से अपने अनुभवों को साझा किया।

स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर हो रहा कार्य

मुख्यमंत्री ने बाल पत्रकारों द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों का सहजता, आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया। उन्होंने बच्चों की जिज्ञासाओं को गंभीरता से सुना और सरल, सहज एवं प्रेरक शब्दों में उनके प्रश्नों का समाधान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यो से दूर रखने के लिए समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास होगा। सरकारी स्कूलों में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में विशेष रूची रखने वाले विद्यार्थियों को भी खेल प्रतिभा निखारने के लिए सरकार द्वारा खेल सामग्री उपलब्ध कराने, पंचायत स्तर पर खेल मैदान निर्माण का निर्णय लिया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के माध्यम से बच्चों की शैक्षणिक स्तर में सुधार लाया जा रहा है। 

जिलास्तर पर पुस्तकालय का हो रहा निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में जिलास्तर पर पुस्तकालय निर्माण का कार्य हो रहा है। शिक्षा बहुत ही आवश्यक है। शिक्षा से सही-गलत की समझ होती है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध के साथ-साथ प्रकृति के विरुद्ध भी है। इससे बच्ची के साथ पुरूष को भी सफर करना पड़ता है। बच्चे-बच्चियों को निर्धारित अवधि में भी शादी कराई जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के अधिकारियों को एक दिन उनके क्षेत्र के स्कूलों में रहकर विद्यार्थियों से बातचीत करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बच्चियों एवं महिलाओं को सैनेटरी पैड भी उपलब्ध कराएं जा रहे हैं।

बच्चों की जागरूकता एवं आत्मविश्वास आश्चर्यचकित करता है

इस अवसर पर उपस्थित यूनिसेफ के अधिकारियों एवं बाल पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बाल पत्रकारों की जागरूकता और आत्मविश्वास मुझे हमेशा आश्चर्यचकित करता आया है। जब ये बच्चे आज इतनी स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों की बात रख रहे हैं, तो बड़े होकर वे कितने अच्छे नेतृत्वकर्ता बनेंगे, इसकी कल्पना कर मुझे गर्व होता है। इस सपने को साकार करने के लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा और हर बच्चे की आवाज को सुनना होगा, क्योंकि प्रत्येक बच्चा अपने आप में महत्वपूर्ण है और उनके विचार और सपने महत्वपूर्ण हैं।

बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जब कोई बच्चा आत्मविश्वास के साथ सवाल पूछता है, किसी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है या अपने समुदाय की समस्या का समाधान सुझाता है, तो उसकी बातों को सुना जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार सभी बच्चों के लिए उनके अनुकूल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रत्येक बच्चे को सीखने, अपनी बात रखने, सुरक्षित रहने और अपने सपनों को साकार करने के समान अवसर मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि बाल पत्रकारों के अनुभव दूसरे बच्चों को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित करेंगे।

यूनिसेफ का प्रयास सराहनीय

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों द्वारा उठाए गए मुद्दे राज्य के विकास की प्राथमिकताओं के साथ-साथ उनके दैनिक जीवन की वास्तविक चुनौतियों को भी दर्शाते हैं। बच्चों के विचारों को सुनने से सरकार को यह समझने में मदद मिलती है कि बच्चों के लिए चलाई जा रही योजनाएं और पहल बच्चों तक किस हद तक पहुंच रहे हैं और उनकी जरूरतों को पूरा कर पा रहे हैं। यूनिसेफ के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम इसलिए महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इनके माध्यम से बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं और यह सभी को बच्चों के हितों के बारे में सोचने और काम करने के लिए प्रेरित करता है।

यूनिसेफ की झारखंड प्रमुख ने बच्चों की मांग और अधिकार को प्रमुखता से रखा
इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख, डॉ० कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों के साथ 80 वर्षों के अपने कार्य अनुभव से यूनिसेफ का यह दृढ़ मत है कि बच्चों को केवल योजनाओं और नीतियों के लाभार्थी के रूप में ही नहीं, बल्कि उनके जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णयों में भी उनकी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम हमेशा से बच्चों की आवाज की ताकत में विश्वास करते आए हैं। बाल पत्रकार इस ताकत का जीवंत उदाहरण हैं। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम बच्चों की आवाज को सुनें, उनकी क्षमता को प्रोत्साहित करें और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करें। बाल पत्रकार कार्यक्रम ने साबित किया है कि बच्चों को सही जानकारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व के लिए मंच उपलब्ध कराने से व्यापक बदलाव संभव है। मौके पर यूनिसेफ झारखंड की कम्यूनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि बच्चों के जीवन में प्रगति और विकास काफी हद तक बड़ों के द्वारा लिए जाने वाले निर्णयों पर निर्भर करती है। भौगोलिक परिस्थितियों, गरीबी और लैंगिक असमानता जैसी चुनौतियां आज भी कई बच्चों के विकास में बाधा बनी हुई हैं। ऐसे में प्रत्येक बच्चे को प्राथमिकता देना पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। यूनिसेफ का स्पष्ट मानना है कि बच्चों में आज किया गया निवेश उनके साथ-साथ पूरे समाज के बेहतर भविष्य की नींव रखेगा।


सीएम से मिले ये बाल पत्रकार
इस अवसर पर बाल पत्रकारों में सोनू उरांव (गवर्नमेंट हाई स्कूल कांके), खुशबू कुमारी (परमवीर अल्बर्ट एक्का, जीएमएस सदर), तनु कुमारी (जीयुएमएस पालू, ओरमांझी), सोफिया नुजहत (जीयुएमएस हुरहुरी, रातु),  प्रियांशी बरदियार (जीएमएस हरमू हाउसिंग), सूरज प्रताप सिंह (जीएचएस, बोरीया कांके), पल्लवी कुमारी (गवर्नमेंट स्कूल, डाहु, ओरमांझी), साक्षी कुमारी (जीएमएस, टीगरा नवा टोली, रातु), पंकज कुमार (गवर्नमेंट स्कूल, हरमू),प्रियांशी कुमारी (गवर्नमेंट स्कूल डहु) सहित एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य, विवेक कुमार उपस्थित थे।


 

Tags - CM Hemant Soren UNICEF child journalists