द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को सरायकेला जिले के झीलिंगगोड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के मृतक पोते वीर सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस दुख की घड़ी में हिम्मत बनाए रखने का संबल दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चम्पई सोरेन से पूरी घटना की जानकारी ली। बातचीत के दौरान दोनों ही बहुत भावुक दिखे।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में वीर सोरेन की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ घूमने गए थे, इसी दौरान यह दुखद घटना घटी। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।वीर सोरेन के असामयिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक व्यक्त किया जा रहा है। विभिन्न दलों के नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
शोक में डूबा परिवार
झीलिंगगोड़ा स्थित आवास पर बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं और परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को परिवार के प्रति संवेदना और नैतिक समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को मर्माहत कर दिया है। परिवारजन और समर्थक वीर सोरेन की याद में श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
