logo

झारखंड में गौशालाओं के लिए 1.25 करोड़ रुपये का चेक वितरण, राजीव रंजन बोले- आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम

झारखंड में गौशालाओं के लिए 1.25 करोड़ रुपये का चेक वितरण, राजीव रंजन बोले- आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम

द फॉलोअप डेस्क, रांची 

झारखंड राज्य की निबंधित गौशालाओं को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से कुल 1.25 करोड़ रुपये का चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह राशि गौशालाओं की आधारभूत संरचना और गौमाताओं के भरण-पोषण के लिए वितरित की गई। बता दें कि कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड गो सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने की।

इस दौरान राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि झारखंड राज्य की गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने बताया कि गौशालाओं को आधारभूत संरचना मद के तहत 43,40,079 रुपये का चेक वितरण किया गया, जिसमें लातेहार की सदगुरू सदाफल देव आदर्श गौशाला को 20,78,286 रुपये और हजारीबाग की कलकता पिंजरापोल को 22,61,793 रुपये की राशि दी गई। 

राजीव रंजन ने बताया कि गौशालाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कई योजनाएं लागू की जा रही हैं। सभी गौशालाओं के प्रतिनिधियों से यह भी अनुरोध किया कि वे अपने प्रस्ताव जैसे हाई मास्ट लाइट, गोबर गैस इकाई, गोबर एवं गोमूत्र आधारित उद्यम, तथा गो अभ्यारण्य आदि के लिए झारखंड गो सेवा आयोग से सहायता प्राप्त करें। 

राज्य में तस्करी से जब्त की गई गोमाताओं के भरण-पोषण के लिए भी 82,35,500 रुपये की राशि वितरित की गई। इस मद में विभिन्न गौशालाओं को राशि प्रदान की गई। पलामू के पारंपरिक गो विज्ञान अनुसंधान केंद्र को 5,84,000 रुपये, देवघर के बैद्यनाथ धाम गौशाला को 16,97,250 रुपये, कोडरमा गौशाला को 24,27,250 रुपये और हजारीबाग के कलकता पिंजरापोल को 35,27,000 रुपये की राशि दी गई।
 

Tags - Cheques worth Rs 1.25 crore distributed to cow shelters in Jharkhand rajiv ranjan prasad president jharkhand news hindi news