logo

कुपोषण के खिलाफ चतरा में साइकिल रैली, DC कीर्ति श्री ने 20 किलोमीटर तक चलाकर दिया जागरूकता का संदेश

sen5.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चतरा में राष्ट्रीय पोषण माह 2025 के तहत आज एक अनोखा संदेश दिया गया। जिले की उपायुक्त कीर्ति श्री ने खुद 20 किलोमीटर तक साइकिल चला कर कुपोषण के खिलाफ जागरूकता फैलाई। समाहरणालय परिसर से गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय तक यह भव्य साइकिल रैली निकाली गई। सुबह 7:30 बजे उपायुक्त कीर्ति श्री ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और खुद भी साइकिल पर निकल पड़ीं।
रैली में अधिकारी, कर्मी, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, स्कूली बच्चे और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत हस्ताक्षर अभियान से हुई, जहाँ सभी ने कुपोषण मुक्त चतरा बनाने की शपथ ली। गिद्धौर पहुंचने पर उपायुक्त का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद “मां के नाम पौधा” अभियान के तहत उन्होंने पौधा लगाया और लोगों को स्वच्छता और संतुलित आहार अपनाने की शपथ दिलाई।
DC कीर्ति श्री ने कहा कि कुपोषण मुक्त चतरा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बच्चों का टीकाकरण, संतुलित आहार और स्वच्छ जीवनशैली ही स्वस्थ समाज की नींव है। गिद्धौर में आयोजित जिला स्तरीय उद्घाटन समारोह में उपायुक्त ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। यहाँ रक्तचाप, एनीमिया, किशोरी स्वास्थ्य जांच शिविर और स्थानीय पोषण युक्त खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी लगाई गई थी।
इस मौके पर उपायुक्त ने लाभुकों की गोदभराई और अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रेणु रवि ने “1000 सुनहरे दिन” की जानकारी दी, जबकि उप विकास आयुक्त ने कहा कि पोषण माह में सभी प्रखंडों में योजनाबद्ध गतिविधियां होंगी। पोषण अभियान 2025 के इस संदेश ने यह साफ कर दिया कि कुपोषण के खिलाफ लड़ाई में प्रशासन, समाज और आमजन की संयुक्त भागीदारी ही चतरा को स्वस्थ और सशक्त बना सकती है।


 
 

Tags - latest Chatra News Chatra News updates Chatra updates in hindi latest Chatra news Chatra updates Chatra news in hindi latest Chatra News Chatra News in hindi Chatra News updares Chatra Updates