द फॉलोअप डेस्क, रांची
चतरा जिले के मयूरहंड थाना क्षेत्र के करमा चौक स्थित एक मेडिकल हॉल में रविवार रात 18 माह के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान चौरिया गांव निवासी विवान कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने मेडिकल हॉल संचालक अरुण कुमार दांगी पर गलत दवा देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राहुल कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। परिजनों के मुताबिक, रविवार सुबह बच्चे को खांसी और बुखार की शिकायत पर मेडिकल संचालक के पास लाया गया था। इलाज के बाद संचालक ने कुछ दवाएं दीं और परिजन बच्चे को लेकर घर लौट गए।
.jpeg)
दवा देने के कुछ देर बाद बच्चे की हालत बिगड़ी
परिजनों का कहना है कि घर पहुंचने के बाद बच्चे को दवा देने के करीब पांच मिनट बाद ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। बच्चा बेचैन और घबराया हुआ था। इसी दौरान वह पास में रखी पानी से भरी बाल्टी में गिर गया। इसके बाद परिजन उसे लेकर दोबारा मेडिकल हॉल पहुंचे। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने मेडिकल संचालक पर इलाज में लापरवाही और गलत दवा देने का आरोप लगाया है।

संचालक ने आरोपों से अलग बताई घटना
वहीं, मेडिकल हॉल संचालक अरुण कुमार दांगी ने परिजनों के आरोपों से अलग अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि परिजन रविवार शाम करीब 3:30 बजे बच्चे को दोबारा उनके पास लेकर आए थे। उस समय परिजनों ने खुद बताया था कि बच्चा पानी में डूब गया है। संचालक के अनुसार, बच्चे का पेट फूला हुआ देखकर उन्होंने तत्काल उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हजारीबाग रेफर कर दिया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए मेडिकल संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इसी दौरान डॉक्टर ने पुलिस को एक ऑडियो क्लिप भी सुनाई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बच्चे की मौत के वास्तविक कारण का पता लगाया जा रहा है।