logo

झारखंड के मौसम में बदलाव जारी, 4 मई तक बारिश-आंधी का अलर्ट; वज्रपात से दो की जान गई

वोीगेप39.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में बुधवार से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने प्रदेशवासियों को गर्मी से कुछ राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में आंधी और बारिश का यह सिलसिला 4 मई तक जारी रह सकता है। गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में लातेहार और रामगढ़ जिलों में दो लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार और शनिवार को राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों  पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़कर बाकी हिस्सों में तेज गर्जना, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। वहीं, रविवार को भी कुछ स्थानों पर वज्रपात और तेज हवा की आशंका है। 


पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। धनबाद के पुटकी में सबसे ज्यादा 38.6 मिमी बारिश हुई। अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा डाल्टेनगंज में 38.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सबसे कम लातेहार में 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को हजारीबाग, धनबाद, रांची, जमशेदपुर, कोडरमा और पलामू सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। पलामू में ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हो रहा है। अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। राज्य के कुछ स्थानों पर अगले कुछ दिनों तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।