logo

झारखंड के इन जिलों में आज से भारी बारिश के आसार, अलर्ट जारी

वोीगेप62.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में सोमवार से अगले दो दिन भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने संताल के देवघर, दुमका, गोड्डा आदि जिले के साथ ही पश्चिम बंगाल से सटे जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है। बारिश की वजह से पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 9 डिग्री तक की कमी आई है। मौसम केंद्र ने कहा है कि पूरे झारखंड में मॉनसून की बारिश हो रही है। अरब सागर में बने लो प्रेशर के कारण पलामू प्रमंडल और बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर के कारण संताल परगना और कोल्हान में बारिश हो रही है। 


रांची में 6 जुलाई तक रुक-रुककर होती रहेगी वर्षा
मौसम विभाग ने कहा है कि 3 जुलाई को मौसम में बदलाव का असर मुख्य रूप से संताल परगना में ही रहेगा। इसको लेकर मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम केंद्र के अनुसार, राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 6 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। रविवार को झारखंड में सबे ज्यादा बारिश गिरिडीह जिले के बगोदर में हुई. यहां 110 मिमी बारिश हुई। बोकारो थर्मल में 95 मिलीमीटर, बोरियो में 92 मिलीमीटर के आसपास बारिश हुई। राजधानी रांची में करीब 3 मिलीमीटर वर्षा हुई है। वहीं, पलामू प्रमंडल में 30 मिलीमीटर बारिश हुई। 


पलामू में 13 डिग्री तक गिरा तापमान
पलामू जिले के मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से घटकर रविवार को 28 डिग्री सेल्सियस हो गया। मानसून आने के पहले भीषण लू झेलने वाले पलामू के लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम केंद्र का पूर्वानुमान है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दवाब का असर झारखंड में एक-दो दिन तक रहेगा।  इसके बाद बारिश में थोड़ी कमी आयेगी। मौसम केंद्र ने 1 और 2 जुलाई को संताल परगना और राजधानी रांची व उसके आसपास के इलाके में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। 

Tags - rain in jharkhand ramin jharkhand mansoon jharkhand mausam jharkhand weather update jharkhand