logo

मीडिया संस्थान पर पुलिस कार्रवाई को लेकर चंपाई सोरेन का सरकार पर निशाना, पत्रकार को परेशान करने का आरोप

मीडिया संस्थान पर पुलिस कार्रवाई को लेकर चंपाई सोरेन का सरकार पर निशाना, पत्रकार को परेशान करने का आरोप

रांची
पूर्व सीएम चंपाई सोरेन (Champai Soren) ने आज बयान जारी कर कहा, कल देर शाम, जब पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस (Tribal Pride Day) और छठ महापर्व के उल्लास में डूबा हुआ था, ठीक उसी वक्त झारखंड में सत्ता के दलालों द्वारा जंगलराज का एक नया अध्याय लिखा जा रहा था। उन्होंने कहा, दो दिन पहले, जो झारखंड पुलिस (Jharkhand Police) एक नाबालिग आदिवासी बेटी से रेप (Rape) करने वाले आरोपी का नाम तक लेने से बच रही थी, कल उसने निर्लज्जता की सारी सीमाएं लांघते हुए, बिना किसी सर्च वारंट (Search Warrant) के, एक मीडिया संस्थान (Media Institution) को निशाना बनाने का दुस्साहस किया।


मीडिया का काम सच को जनता के सामने लाना
सोरेन ने कहा, मीडिया का काम सच को जनता के सामने लाना है, और इस मामले में भी "द भारतमित्र न्यूज" के अभिषेक भारती ने पीड़िता के बयान के आधार पर खबर बनाई थी, लेकिन विडंबना देखिए, नाबालिग से रेप के आरोपी पर कार्यवाई की जगह, सत्ता के दवाब में पुलिस मामले को दबाने के लिए पत्रकार को परेशान कर रही है। क्या आपने कभी सोचा है कि पीड़िता पुलिस की जगह एक निडर पत्रकार के पास अपनी पीड़ा लेकर क्यों पहुंची? दरअसल इसी महीने, गम्हरिया थाने में जिस प्रकार एक नाबालिग के साथ रेप की घटना सामने आई थी, उसके बाद राज्य की महिलाओं का पुलिस पर से भरोसा उठ गया है। जब जनता को पुलिस से ज्यादा भरोसा एक पत्रकार पर होने लगे, तो यह पूरे सिस्टम के लिए शर्म की बात है। 


पॉक्सो के तहत आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी का है प्रावधान 

भाजपा नेता ने कहा, वैसे तो पुलिस का काम पीड़िता की सुरक्षा को सुनिश्चित करना तथा पॉक्सो के तहत आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी करना है, लेकिन अपने आकाओं के दबाव में पुलिस ने जिस प्रकार इस मामले की लीपापोती और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमले का प्रयास किया, उसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम होगी। लेकिन क्या बात सिर्फ इतनी है? आपको याद होगा कि JPSC-JSSC नियुक्ति महाघोटाले में  अभिषेक भारती ने जिस प्रकार खोजी पत्रकारिता की थी, जिसकी वजह से कई अधिकारियों को जेल जाना पड़ा था, सीआईडी द्वारा कोर्ट को गुमराह करने के बाद भी अंततः सरकार को पीछे हटना पड़ा था, कहीं उसका बदला तो इस पत्रकार से नहीं लिया जा रहा? 

चंपाई बोले- हर दूसरे दिन ऐसी घटनाएं होती हैं
आज फिर रांची में एक नाबालिग से गैंगरेप की खबर आ रही हैं। हर दूसरे दिन ऐसी घटनाएं होती हैं। थाने तक सुरक्षित नहीं रहे। झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है, और पुलिस का काम सिर्फ जनता को परेशान करना तथा सत्ता पक्ष के अवैध धंधों को संरक्षण देना रहा गया है। लेकिन ये लोग शायद भूल चुके हैं कि झारखंड की जनता इस दुस्साहस को कभी बर्दास्त नहीं करेगी।


 

Tags - Champai Soren Jharkhand Police Abhishek Bharti Media Freedom JPSC JSSC Scam